युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
CM Naib Saini, (आज समाज), रोहतक: 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज हरियाणा के रोहतक में सीएम नायब सैनी ने तिरंगा झंडा फहराया। सबसे पहले सीएम नायब सैनी ने राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उसके बाद सीएम ने झंडा फहराने के उपरांत परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में सीएम ने आजादी के योगदान में रोहतक का भी वर्णन किया।
सीएम ने कहा कि आजाद हिंद फौज में 800 से अधिक जवान रोहतक जिले के थे। इस जिले का स्वतंत्रता के इतिहास में अहम योगदान है। यह हमारा कर्तव्य है कि हम इन शहीदों को इस दिन याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दें। आज पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा है। मैं आप सभी को इस राष्ट्रीय पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

सीएम ने तीनों सेनाओं के साहस और वीरता को सैल्यूट किया
आॅपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी स्वदेशी ताकत को पूरे विश्व ने देखा है। इसके लिए मैं तीनों सेनाओं के साहस और वीरता को सैल्यूट करता हूं। हमारी सेना ने मिशन महादेव चलाकर यह दिखा दिया है कि हम आर्थिक के साथ ही सामरिक ताकत के रूप में भी किसी दूसरे देश से कमजोर नहीं हैं।
युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची के मिल रही नौकरियां
हरियाणा भी देश के साथ विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज देश की सड़कों पर चलने वाली हर दूसरी कार हरियाणा में बनती है। इसके अलावा, 52% से अधिक ट्रैक्टरों का उत्पादन कर रहे हैं। आज हरियाणा में बिना पर्ची, बिना खर्ची के नौकरी दी जा रही है। यहां 100 से अधिक पोर्टल के जरिए सरकारी योजनाओं को निष्पक्ष रूप से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
उपलब्धियों के लिए जश्न मनाने का दिन
सीएम सैनी ने कहा कि आजादी का यह पर्व उपलब्धियों के लिए जश्न मनाने का दिन है। आजादी के बाद 78 सालों में देश बहुत आगे पहुंच गया है। हमारा देश चंद्रयान, मंगलयान जैसे मिशन पूरे कर रहा है। हम विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनकर उभरे हैं। हम आज आत्मनिर्भर बन रहे हैं। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, यह जन आंदोलन है।