Gold Price Update : सोना दो सौ रुपए सस्ता, चांदी तीन हजार रुपए टूटी

0
249
Gold Price Update : सोना दो सौ रुपए सस्ता, चांदी तीन हजार रुपए टूटी
Gold Price Update : सोना दो सौ रुपए सस्ता, चांदी तीन हजार रुपए टूटी

भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में आई गिरावट

Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर कोई पुख्ता परिणाम सामने न आने और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सोने पर दबाव बना हुआ है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जारी गतिरोध के कारण ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में बढ़त और बॉन्ड यील्ड में स्थिरता ने भी सोने की मांग को कम किया है।

इसी के चलते शुक्रवार को नई दिल्ली के सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के मुल्य में एक बार फिर से कमजोरी नजर आई। राजधानी के सर्राफा बाजार में सोना 200 रुपए सस्ता हुआ, जबकि चांदी के दाम में 3,000 रुपए की भारी गिरावट आई। यह लगातार तीसरा कारोबारी सत्र है जब दोनों धातुओं की कीमतों में कमी देखी गई है। बाजार के विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु की चमक फीकी पड़ रही है।

इस तरह रही दोनों धातुओं की कीमत

इसी के चलते राजधानी दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपए गिरकर 1,55,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। इससे पहले गुरुवार को सोना 1,56,100 रुपए पर बंद हुआ था। चांदी में गिरावट का रुख और भी अधिक रहा। चांदी 3,000 रुपए टूटकर 2,47,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। पिछले सत्र में चांदी 2,50,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

तीसरे दिन भी गिरा शेयर बाजार

अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में किसी तरह की कोई प्रगति न होने और लगातार बरकरार तनाव का प्रतिकूल असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ रहा है। यही कारण है कि एक बार फिर से भारतीय शेयर बाजार लगातार तीन दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। बुधवार और गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

30 शेयरों वाला सेंसेक्स 982.71 अंक या 1.27% गिरकर 76,681.29 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 275.10 अंक या 1.14% गिरकर 23,897.95 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक शेयर बाजार ज्यादातर नीचे रहे जबकि तेल की कीमतें बढ़ीं क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत ठप रही। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 22 पैसे कमजोर होकर 94.23 पर बंद हुआ।

ये भी पढ़ें : Paytm Payments Bank : आखिर क्यों मुसीबत में फंसा पेटीएम पेमेंट्स बैंक

  • TAGS
  • [post_tags]