महिला की उम्र 40 के आसपास, 4 से 5 दिन पुराना लग रहा शव
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गुजर रही भाखड़ा नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक, महिला की उम्र 40 साल के आसपास लग रही है। ये शव 4-5 दिन पुराना लग रहा है।
पानी में ज्यादा समय तक पड़े रहने के कारण शरीर फूल चुका है। हालांकि, शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं, जिससे हत्या या हादसे को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
महिला ने पहना हुआ लाल रंग का सूट
गोताखोर मामू किरमिच ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे उनको किरमिच गांव के पुल के पास नहर में महिला का शव कबाड़ में फंसा होने की सूचना मिली थी। उसने मौके पर पहुंचकर शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। महिला ने लाल रंग का सूट पहना हुआ था। पुलिस के आने के बाद शव को बाहर निकाल कर उनके हवाले कर दिया।
72 घंटे बीतने पर कराया जाएगा पोस्टमार्टम
केयूके थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव को एलएनजेपी अस्पताल की मॉर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क कर यह पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है कि कहीं किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज नहीं हुई। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें : करनाल में दूसरे युवक की फोटो लगाकर सीईटी परीक्षा देने पहुंचा युवक गिरफ्तार