चंडीगढ़. चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से एक बहुत बड़ा कदम उठाया गया है. उन्होंने कैब एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि Uber और Rapido के एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिए हैं. प्रशासन की तरफ जो जानकारी दी गई है उसमें दोनों कंपनियां चंडीगढ़ एग्रीगेटर पॉलिसी, 2025 के निर्धारित नियमों का पालन करने में नाकाम रही. यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी ओला के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जा चुकी है.
Uber और Rapido के लाइसेंस राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) की तरफ जारी आदेश के मुताबिक तत्काल प्रभाव से छह महीने के लिए निलंबित कर दिए गए हैं. प्रशासन की तरफ से इस मामले में बताया गया कि दोनों कंपनियों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे. उन्होंने नियमों का अनुपालन नहीं किया. आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया गया था. ऐसा नहीं किया गया और कंपनियों की ओर से जो जवाब आया वो भी संतोषजनक नहीं था.
नियमों के उल्लंघन का मामला
उबेर और रैपिडो पर प्रशासन की तरफ से की गई कार्रवाई के पीछे चंडीगढ़ एग्रीगेटर पॉलिसी, 2025 के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन का हवाला दिया है. इनके प्रावधान की बात करें तो गैर-व्यावसायिक वाहनों के संचालन और इससे जुड़े बाकी निर्धारित नियमों के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतें आती हैं. इस मामले पर और ज्यादा जानकार देते हुए अधिकारियों द्वारा बताया गया कि फैसला अचानक नहीं लिया गया. इसे लेकर कंपनियों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त अवसर दिए गए थे. नोटिस के बावजूद स्थिति में जिस सुधार की उम्मीद की जा रही थी वो नहीं हुआ और लाइसेंस निलंबित करने का फैसला लिया गया.
करीब 100 दिनों से चल रहा है चालकों का धरना
कैब एग्रीगेटर्स के खिलाफ प्रशासन की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब चंडीगढ़ में कैब और टैक्सी चालक धरने पर बैठे हैं. ये धरना पिछले पिछले करीब 100 दिनों से चला आ रहा है. चालक संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर 15 दिनों तक भूख हड़ताल भी की थी. लंबे समय से ड्राइवरों की तरफ से कैब कंपनियों के संचालन, किराए और नियमों से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं. ऐसे में Uber और Rapido के खिलाफ कार्रवाई को इस पूरे विवाद के बीच महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.


