Punjab Breaking News : पंजाब में निवेश बढ़ाएगी आइची स्टील कॉर्पोरेशन

0
61
Punjab Breaking News : पंजाब में निवेश बढ़ाएगी आइची स्टील कॉर्पोरेशन
Punjab Breaking News : पंजाब में निवेश बढ़ाएगी आइची स्टील कॉर्पोरेशन

जापान दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए 500 करोड़ रुपए का निवेश सुरक्षित किया

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जापान दौरे के दौरान जापान के उद्योगपतियों को विश्वास दिलाया कि पंजाब सरकार उन्हें उद्योग लगाने और उनका विस्तार करने में पूरी सहायता करेगी। मान ने कहा कि पंजाब आज भारत के सबसे अधिक कारोबार-अनुकूल राज्यों में से एक है और भारत सरकार ने व्यापार सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) 2024 रैंकिंग में पंजाब को अग्रणी के रूप में मान्यता दी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश सरकार द्वारा कारोबार को सुगम बनाने, पारदर्शिता और जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित करने को दर्शाती है।

पंजाब में निवेश करेगी जापान की प्रमुख स्टील कंपनी

अपने जापान दौरे के तीसरे दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज प्रदेश के लिए 500 करोड़ रुपए का निवेश सुरक्षित किया है, जिसमें जापान की स्टील कंपनी आइची स्टील ने प्रदेश में वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ अपने सहयोग को बढ़ाने का आश्वासन दिया है। आइची स्टील और वर्धमान स्पेशल स्टील्स ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए एक स्वर्णिम दिन है क्योंकि आइची स्टील कॉपोर्रेशन, जिसे टोयोटा की स्टील शाखा के रूप में जाना जाता है, ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

उन्होंने कहा कि आइची स्टील की वर्धमान में पहले से ही लगभग 24.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है और यह मुख्य तकनीकी साझेदार के रूप में पंजाब के औद्योगिक परिवेश में एक मजबूत तथा विकसित हो रही भारत-जापान साझेदारी का प्रतीक है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जापान की अग्रणी स्टील कंपनी पंजाब में भविष्य की फैक्ट्री संचालन का अध्ययन करेगी, जिसमें लगभग 500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश के लिए मूल्यांकन शामिल है।

सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ आईची स्टील की साझेदारी को मजबूत और सुदृढ़ करने के लिए पंजाब सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा जापानी कंपनियों को प्रदेश में उनके कारोबार और संचालन के विस्तार में सहायता करना पंजाब की प्रमुख प्राथमिकता है। भगवंत सिंह मान ने उम्मीद जताई कि आइची ग्रुप का तकनीकी सहयोग और वर्धमान ग्रुप की विशेषज्ञता प्रदेश में औद्योगिक क्रांति के नए युग की शुरूआत करेगी।