Delhi Crime News : दिल्ली में अवैध नागरिकों पर कार्रवाई जारी, 15 पकड़े

0
55
Delhi Crime News : दिल्ली में अवैध नागरिकों पर कार्रवाई जारी, 15 पकड़े
Delhi Crime News : दिल्ली में अवैध नागरिकों पर कार्रवाई जारी, 15 पकड़े

सबसे ज्यादा 11 नागरिक नाइजीरिया के रहने वाले

Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली। दिसंबर से दिल्ली पुलिस ने राजधानी व आसपास के एरिया में अवैध रूप से रह रहे नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। वहीं पहलगाम हमले के बाद यह अभियान और भी तेज कर दिया गया है और राजधानी में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भी तलाशा जा रहा है। इसके चलते चलाए गए संघन तलाश अभियान में दिल्ली पुलिस ने राजधानी में ऐसे 15 नागरिकों को पकड़ा है जो अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। इनमें सबसे ज्यादा नाइजीरिया के रहने वाले हैं। पकड़े गए इन अवैध नागरिकों में 11 नाइजीरिया, दो आइवरी कोस्ट, एक बांग्लादेश और एक तंजानिया का नागरिक शामिल है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें से एक बांग्लादेशी है।

द्वारका जिला पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस अधिकारी ने बताया कि द्वारका जिले की अलग-अलग थाना पुलिस को अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों का पता लगाने के निर्देश दिए गए थे। टीमें उन विदेशी नागरिकों पर नजर रख रही थीं, जो बिना वैध वीजा के भारत में रह रहे थे। एंटी-नारकोटिक्स सेल और छावला थाने की टीमों ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई की।

इस अभियान में 14 विदेशी नागरिकों को एंटी-नारकोटिक्स सेल और एक को छावला थाना पुलिस ने पकड़ा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी पकड़े गए विदेशी नागरिकों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया, जहां से उनके निर्वासन का आदेश जारी हुआ। इसके बाद, सभी को डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।

6 बांग्लादेशी व 5 भारतीय गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत की सीमा में प्रवेश कराकर उनको बसाने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में गैंग लीडर समेत 6 बांग्लादेशी नागरिकों के अलावा फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, इनके रहने, नौकरी लगवाने वाले तमाम इंतजाम करवाने वाले 5 भारतीय नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है। गिरोह पश्चिम बंगाल और मेघालय समेत देश की दूसरी सीमाओं से बांग्लादेशी नागरिकों को अपने एजेंट के जरिए भारत की सीमा में प्रवेश करवाते थे। इसके बाद उनको दिल्ली के अलावा देश के दूसरे शहरों में भेजकर फर्जी कागजातों के आधार पर इनके आधार समेत दूसरे दस्तावेज तैयार करवा देते थे।

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : जन्मदिन की पार्टी में युवक पर जानलेवा हमला