Delhi News Update : आप ने हर क्षेत्र में घोटाला किया : वीरेंद्र सचदेवा

0
84
Delhi News Update : आप ने हर क्षेत्र में घोटाला किया : वीरेंद्र सचदेवा
Delhi News Update : आप ने हर क्षेत्र में घोटाला किया : वीरेंद्र सचदेवा

कहा, आप के वरिष्ठ नेताओं पर कार्रवाई दिल्ली की जनता की जीत

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने एसीबी द्वारा आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर दो हजार करोड़ रुपए के कथित घोटाले में एफआईआर दर्ज करने के बाद भाजपा ने इसे दिल्ली की जनता की जीत बताया है। दोनों नेताओं पर केस दर्ज होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हर क्षेत्र में विकास के नाम पर भारी घोटाले हुए जो अब एक-एक करके सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आप सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध दिल्लीवालों ने लंबी लड़ाई लड़ी है। अब भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने स्कूलों में कमरे बनाने में हुए घोटाले के आरोपी पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया एवं सत्येंद्र जैन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाजपा ने 2015 में ही की थी जांच की मांग

सचदेवा ने कहा कि वर्ष 2015 में सत्ता में आने के कुछ समय बाद ही तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके मंत्रियों के भ्रष्टाचार सामने आने लगे थे। उस समय से भाजपा आवाज उठा रही है। सचदेवा ने कहा कि वर्ष 2015-16 में तत्कालीन केजरीवाल सरकार ने स्कूलों में 12748 क्लास रूम बनाने के लिए रूपए 2892 करोड़ का बजट आवंटन किया था। इसके अनुसार एक क्लास रूम के निर्माण के लिए 24. 86 लाख रुपये आवंटित हुआ था, जबकि सीपीडब्ल्यूडी के नियम के अनुसार इसकी लागत 5 लाख के आसपास थी। उस समय भाजपा ने इसका विरोध किया।

दिल्ली शिक्षा विभाग ने नहीं दिया था सहयोग

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कपिल मिश्रा, हरीश खुराना एवं नीलकांत बख्शी ने एसीबी एवं लोकायुक्त में शिकायत दी थी। दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा सहयोग नहीं करने से जांच में विलंब हुआ। एसीबी की प्राथमिक जांच में ही स्पष्ट हो गया है कि टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। आप से संबंधित लोगों को टेंडर दिया गया। वर्ष 2022-23 में सतर्कता आयुक्त को दी गई रिपोर्ट को तत्कालीन सरकार ने सार्वजनिक नहीं किया गया।

भाजपा ने की निष्पक्ष जांच की मांग

भाजपा नेता ने एसीबी से मांग की कि इस घोटाले की जांच के दौरान और भी कई बड़े नाम सामने आएंगे। जिनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप नेताओं ने दिल्ली की जनता के खून-पसीने की कमाई की खुली लूट की है। जिसकी सजा उन्हें मिलनी चाहिए।

ये भी पढ़ें : Delhi News : विकसित भारत के लिए वन नेशन, वन इलेक्शन जरूरी : सीएम