Delhi Breaking News : नदियों के रास्ते भारत में घुसे 83 बांग्लादेशी गिरफ्तार

0
62
Delhi Breaking News : नदियों के रास्ते भारत में घुसे 83 बांग्लादेशी गिरफ्तार
Delhi Breaking News : नदियों के रास्ते भारत में घुसे 83 बांग्लादेशी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस का राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी लोगों के खिलाफ अभियान जारी

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेश नागरिकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का अभियान दिसंबर 2024 से जारी है। इस अभियान के तहत सबसे ज्यादा संख्या बांग्लादेशी नागरिकों की है जो अवैध रूप से भारत खासकर राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रह रहे हैं। ये लोग अवैध रूप से बॉर्डर पार करते हुए भारत में दाखिल हुए और यहां पर फर्जी दस्तावेज तैयार करके कई साल से यहां पर रह रहे हैं।

पूर्वी जिला पुलिस को मिली सफलता

पूर्वी जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से दिल्ली में रह रहे 83 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। सभी नदियों के रास्ते भारत में अवैध रूप से घुसे थे। इनको मंडावली, मयूर विहार, कल्याणपुरी, गाजीपुर, आनंद विहार के अलावा दूसरे इलाकों से पकड़ा गया है। पकड़े गए बांग्लादेशियों में 44 महिलाएं और 39 पुरुष शामिल हैं। इन दोनों मे 33 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने एफआरआरओ को सूचना देकर इनको डिटेंशन सेंटर भिजवा दिया है।

इनको डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों की माने तो पूर्वी जिला में नवंबर से अब 120 बांग्लादेशियों को पकड़ा जा चुका है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया, टीम ने मंडावली, मयूर विहार, कल्याणपुरी, गाजीपुर, आनंद विहार के अलावा दूसरे इलाकों में छापा मारकर कर आरोपियों की पहचान की। बांग्लादेशी की नागरिकता के प्रमाण मिले।

किसी को भी अवैध रूप से दिल्ली में बसने नहीं देंगे : सिरसा

पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुसलमानों को दिल्ली सरकार किसी सूरत में दिल्ली में बसने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल रोहिंग्याओं और बांग्लादेशी मुसलमानों को बसाना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी चाहे जितना रोहिंग्याओं के साथ खड़ी हो, दिल्ली सरकार गंदी राजनीति के खिलाफ लड़ेगी। वे जंतर मंतर पर हुई आम आदमी पार्टी की रैली के जवाब में बोल रहे थे। मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी अवैध वोट की खातिर दिल्ली में अवैध रूप से रोहिंग्या मुसलमानों की झुग्गियां बसा रही थी। अब दिल्ली सरकार ऐसी अवैध बस्तियों को तोड़ने का काम कर रही है।

ये भी पढ़ें : Delhi Update News : कलयुगी पिता ने 10 साल के मासूम को चाकू से गोदा, मौत