इस्लामाबाद में हुई नेशनल उलेमा कांफ्रेंस में पाक सेना प्रमुख ने दिया बयान
Asim Munir, (आज समाज), नई दिल्ली: पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने कहा कि भारत के साथ हुए सैन्य संघर्ष में अल्लाह की मदद मिली थी, हमने इसे महसूस भी किया, जिस कारण हालात पूरी तरह बिगड़ने से बच गए। मुनीर ने कहा कि दुनिया में 57 इस्लामी देश हैं, लेकिन अल्लाह ने पाकिस्तान को हरमैन शरीफैन यानी मक्का और मदीना की हिफाजत का सम्मान दिया है। मुनीर ने यह बयान 10 दिसंबर को इस्लामाबाद में हुई नेशनल उलेमा कांफ्रेंस में दिया।
उनके भाषण के वीडियो क्लिप गत रविवार को लोकल टीवी चैनलों पर दिखाए गए। अपने भाषण में मुनीर ने धार्मिक बातों पर जोर देते हुए पाकिस्तान की तुलना 1400 साल पहले पैगंबर मोहम्मद द्वारा स्थापित इस्लामी राज्य से की। उन्होंने कुरान की आयतें पढ़ीं और कहा कि इस्लामी दुनिया में पाकिस्तान को खास दर्जा मिला है।
टीटीपी और पाकिस्तान में से किसी एक को चुने तालिबान
मुनीर ने पाकिस्तान की पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा हालात पर भी बात की और अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से कहा कि वह पाकिस्तान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान में से किसी एक को चुने। मुनीर का आरोप है कि पाकिस्तान में घुसपैठ करने वाले टीटीपी के आतंकियों में करीब 70% अफगान हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या पाक नागरिकों के खून के लिए अफगानिस्तान जिम्मेदार नहीं है।
पाकिस्तान की आंतरिक समस्याओं के लिए अफगानिस्तान से आए लोग जिम्मेदार
मुनीर ने यह भी कहा कि किसी इस्लामी देश में जिहाद का ऐलान करने का अधिकार सिर्फ उस देश को होता है। बिना सरकार की इजाजत कोई फतवा जारी नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान की ज्यादातर आंतरिक समस्याओं के लिए अफगानिस्तान से आए हुए लोग जिम्मेदार हैं।
भारत ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस किए थे तबाह
गौरतलब है कि भारत ने 7 मई को आॅपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच चार दिन तक भारी गोलीबारी और सैन्य टकराव हुआ, जो 10 मई को समझौते के बाद रुका। संघर्ष के दौरान भारत ने पाकिस्तान के 11 एयरबेस तबाह कर दिए थे।
सीडीएफ और सीओएएस पद संभालने वाले पहले सेना प्रमुख है आसिम मुनीर
मुनीर पाकिस्तान के पहले सैन्य अधिकारी हैं जो एकसाथ सीडीएफ और सीओएएस दोनों पद संभाल रहे हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नियुक्ति की सिफारिश करते हुए राष्ट्रपति को समरी भेजी थी। मुनीर को इसी साल फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया था। पाकिस्तान सरकार ने 4 दिसंबर को आसिम मुनीर को देश का पहला चीफ आॅफ डिफेंस फोर्सेज और चीफ आॅफ आर्मी स्टाफ नियुक्त किया था। दोनों पदों पर उनका कार्यकाल पांच साल का होगा।
ये भी पढ़ें: एअर इंडिया के प्लेन की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में बंद हो गया था एक इंजन


