
हमले में 101 से ज्यादा लोग हुए घायल, राष्ट्रपति बोले-बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ
Islamabad Blast, (आज समाज), नई दिल्ली: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज एक शिया मस्जिद में आत्मघाती में 24 लोगों की मौत हो गई। इस बम ब्लास्ट में 101 से ज्यादा लोगों के घायल होने का भी समाचार है। इस्लामाबाद के पुलिस चीफ ने पूरे शहर में इमरजेंसी घोषित कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, हमले में 24 लोगों की मौत हो गई है और 101 घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और राहत का काम शुरू कर दिया है।
अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया और घायलों को वहां पहुंचाया जा रहा है। वहीं पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने बम धमाके की घोर निंदा की। उन्होंने धमाके में मारे गए लोगों के लिए शोक जताया है। उन्होंने कहा कि बेगुनाह लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है। जरदारी ने घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज की सुविधा दी जाए।
ऐसी आतंकी घटनाएं देश और लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकती: तारिक फजल
पार्लियामेंट्री अफेयर्स के मंत्री डॉ. तारिक फजल चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस्लामाबाद में हुए धमाके की मैं कड़ी निंदा करता हूं। इस हमले में मारे गए लोगों के लिए दुखी हूं। ऐसी आतंकी घटनाएं देश और लोगों का हौसला नहीं तोड़ सकती। जरूरत है कि हम सब मिलकर शांति के लिए एकजुट हों और कानून व्यवस्था संभालने वाली एजेंसियों के साथ मजबूती से खड़े रहें।
तीन महीने पहले आत्मघाती धमाके में मारे गए थे 12 लोग
इससे पहले भी 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के जी-11 इलाके में जिला और सत्र न्यायालय के बाहर आत्मघाती धमाका हुआ था। उस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

