
कहा- अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश
US-Israel Iran War Update, (आज समाज), तेल अवीव/तेहरान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि तेल की बढ़ती कीमतें अमेरिका के लिए फायदेमंद हैं। उनके मुताबिक अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक है, इसलिए कीमतें बढ़ने से देश को ज्यादा कमाई होती है। ट्रम्प ने गुरुवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा, अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक है। जब तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो हम इससे काफी पैसा बनाते हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे अहम बात यह है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जाए।
ट्रम्प के मुताबिक अगर ऐसा हुआ तो मिडिल ईस्ट ही नहीं, पूरी दुनिया के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान ने साफ कहा है कि वह फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट का रास्ता नहीं खोलेगा। यह दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा गुजरता है। इस बीच इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी Ñने चेतावनी दी है कि ईरान के बढ़ते हमलों के कारण वैश्विक तेल सप्लाई में इतिहास की सबसे बड़ी रुकावट आ सकती है।
अमेरिका और इजराइल को ईरान पर किए गए हमलों की भरपाई करनी होगी
ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई ने पद संभालने के बाद गुरुवार को अपना पहला बयान जारी किया। इसमें उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि वह मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों को बंद कर दे, नहीं तो उन पर हमले जारी रहेंगे। मुजतबा ने अमेरिका और इजराइल को चेतावनी दी है कि उन्हें ईरान पर किए गए हमलों की भरपाई करनी होगी। ईरान के सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाए गए संदेश में खामेनेई ने कहा कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट का रास्ता भी नहीं खोला जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध लगातार तेज हो रहा है।
हवाई हमले में घायल हो गए थे खामेनेई
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल के हमलों के पहले दिन मोजतबा खामेनेई के पैर में फ्रैक्चर हो गया था और उन्हें हल्की चोटें भी आई थीं। बताया गया कि वह उसी हवाई हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी।
ईरान में अभी सरकार नहीं गिरा पाएगा अमेरिका
अमेरिका और इजराइल लगातार दो हफ्ते से ईरान में एयरस्ट्राइक कर रहे हैं, इसके बावजूद ईरान की सत्ता अभी भी काफी मजबूत है और उसके जल्द गिरने का कोई खतरा नहीं है। यह बात अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट में सामने आई है। इस मामले से जुड़े तीन सूत्रों ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को इसकी जानकारी दी है।
एक सूत्र के मुताबिक कई खुफिया रिपोर्ट में एक जैसा आकलन किया गया है कि ईरान की सरकार गिरने की स्थिति में नहीं है और वह अभी भी देश की जनता पर कंट्रोल बनाए हुए है। वहीं, तेल की कीमतों में इजाफे की वजह से राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अमेरिका जल्द जंग खत्म कर सकता है। हालांकि अगर ईरान के कट्टरपंथी नेता सत्ता में बने रहते हैं तो युद्ध खत्म करने का रास्ता निकालना आसान नहीं होगा।
ये भी पढ़ें: Potato Protest: सपा सांसदों ने संसद के बाहर किया ‘आलू विरोध प्रदर्शन’

