Iran Protest: ईरानी शहर पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा: ट्रम्प

0
274
Iran Protest: ईरानी शहर पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा: ट्रम्प
Iran Protest: ईरानी शहर पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा: ट्रम्प

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने किया दावा
Iran Protest, (आज समाज), नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान के दूसरे सबसे बड़े शहर मशहद पर अब प्रदर्शनकारियों का कब्जा हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा, दस लाख से ज्यादा लोगों ने प्रदर्शन किया। ईरान का दूसरा सबसे बड़ा शहर प्रदर्शनकारियों के नियंत्रण में आ गया है। सरकार की सुरक्षा बलों ने शहर छोड़ दिया है। हालांकि, शहर पर कब्जे को लेकर ट्रम्प के दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है। किसी भी भरोसेमंद रिपोर्ट में यह साबित नहीं हुआ है कि सुरक्षा बल पूरी तरह शहर छोड़ चुके हैं या मशहद पूरी तरह प्रदर्शनकारियों के कब्जे में चला गया है।

गौरतलब है कि ईरान में महंगाई के खिलाफ 13 दिनों से चल रहे प्रदर्शन के बीच गुरुवार रात को हालात और खराब हो गए। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में 100 से ज्यादा शहरों में प्रदर्शन फैल चुका है। अमेरिकी ह्यूमन राइट एजेंसी के मुताबिक, प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में अब तक 45 लोग मारे गए हैं, जिनमें 8 बच्चे शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जबकि 2,270 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।

ईरान का सबसे बड़ा धार्मिक शहर है मशहद

मशहद की आबादी करीब 40 लाख है। यह शहर तुर्कमेनिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा के पास स्थित है। यह ईरान का सबसे बड़ा धार्मिक शहर है। मशहद में इमाम रजा का पवित्र दरगाह भी है, जो शिया मुसलमानों का एक बहुत बड़ा तीर्थ स्थल माना जाता है।

ट्रम्प को खुश करने के लिए देश को बर्बाद न करें: खामेनेई

वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने देशभर में प्रदर्शनों के बीच शुक्रवार को पहली बार राष्ट्र को संबोधित किया। ईरान की सरकारी टीवी ने उनका भाषण प्रसारित किया। खामेनेई ने कहा कि ईरान विदेशियों के लिए काम करने वाले भाड़े के लोगों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनों के पीछे विदेशी एजेंट हैं जो देश में हिंसा भड़का रहे हैं।

ईरान की एकजुट जनता अपने सभी दुश्मनों को हराएगी

खामेनेई ने कहा कि देश में कुछ ऐसे उपद्रवी हैं जो सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करना चाहते हैं। लेकिन ईरान की एकजुट जनता अपने सभी दुश्मनों को हराएगी। उन्होंने ट्रम्प से कहा कि ईरान के मामलों में दखल देने के बजाए वे अपने देश की समस्याओं पर ध्यान दें।

अमेरिका दे चुका हमले की चेतावनी

उन्होंने आगे कहा, इस्लामिक रिपब्लिक सैकड़ों हजारों महान लोगों के खून के बल पर सत्ता में आई है। जो लोग हमें नष्ट करना चाहते हैं, उनके सामने इस्लामिक रिपब्लिक कभी पीछे नहीं हटेगी। खामेनेई का यह बयान उस घटना के कुछ ही समय बाद आया है, जब गुरुवार को ट्रम्प ने दोबारा चेतावनी दी थी कि अगर ईरानी सुरक्षा बल प्रदर्शनकारियों की हत्या करते हैं, तो अमेरिका ईरान पर हमला कर सकता है।

ये भी पढ़ें: हर समस्या के लिए नेहरू को दोषी ठहराना गलत: शशि थरूर

  • TAGS
  • [post_tags]