कहा- अमेरिका को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड की जरूरत
Donald Trump, (आज समाज), नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर कहा है कि ग्रीनलैंड पर अमेरिका का कब्जा होना जरूरी है और इससे कम कुछ भी मंजूर नहीं है। उन्होंने बुधवार को ट्रुथ सोशल पर लिखा- अमेरिका को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड की जरूरत है। ट्रम्प ने लिखा कि इस मामले में नाटो को अमेरिका का साथ देना चाहिए।
अगर अमेरिका ने ग्रीनलैंड पर कंट्रोल नहीं किया, तो रूस या चीन वहां अपना असर बढ़ा सकते हैं, जो किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ट्रम्प ने कहा कि अगर ग्रीनलैंड, अमेरिका के हाथ में होता है तो नाटो कहीं ज्यादा मजबूत और प्रभावशाली बन जाएगा। नाटो टूटने के खतरे पर ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका की बड़ी सैन्य ताकत के बिना यह संगठन कुछ भी नहीं है।
अमेरिका नहीं डेनमार्क को चुनेंगे
ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नीलसन ने कहा है कि अगर ग्रीनलैंड को अमेरिका और डेनमार्क में से किसी एक को चुनना पड़े, तो वह डेनमार्क को चुनेगा। उन्होंने यह बयान ऐसे वक्त पर दिया जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ग्रीनलैंड पर कब्जा करने की धमकी दे रहे हैं। नीलसन ने 13 जनवरी को डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस में कही। उनका बयान अमेरिका की संसद में ग्रीनलैंड को अपने कब्जे में लेने से जुड़े बिल के पेश होने के बाद पहला आधिकारिक बयान है।
ग्रीनलैंड पर कब्जे वाला बिल पास
नीलसन के बयान पर ट्रम्प ने कहा कि मैं उन्हें नहीं जानता और इस बात पर उनसे सहमत नहीं हूं। ये प्रधानमंत्री के लिए बड़ी समस्या बन सकता है।
अमेरिकी संसद में 12 जनवरी को ग्रीनलैंड एनेक्सेशन एंड स्टेटहुड एक्ट नाम का बिल पेश किया गया था। इसका मकसद ग्रीनलैंड को अमेरिका में शामिल करना और बाद में उसे अमेरिका का राज्य बनाना है। अगर यह बिल पास होता है, तो ग्रीनलैंड अमेरिका का 51वां राज्य बन सकता है।
नाटो को हमारी रक्षा करनी चाहिए
नीलसन ने कहा कि डेनिश कॉमनवेल्थ का हिस्सा होने के नाते ग्रीनलैंड नाटो का सदस्य है और इसलिए ग्रीनलैंड की रक्षा नाटो को ही करनी चाहिए। वहीं डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन ने कहा कि अपने सबसे करीबी सहयोगी से मिल रहे इस तरह के प्रेशर का सामना करना आसान नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि हमें कई संकेत मिल रहे हैं कि ग्रीनलैंड के लिहाज से सबसे मुश्किल दौर आने वाला है। डेनमार्क की पीएम ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि अगर ग्रीनलैंड पर हमला किया गया, तो इससे ट्रांस-अटलांटिक डिफेंस एग्रीमेंट का अंत हो सकता है।
अमेरिका के पास ग्रीनलैंड का होना जरूरी
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीनलैंड पिछले 300 सालों से डेनमार्क का हिस्सा है और डेनमार्क नाटो का सदस्य है, इसलिए अगर अमेरिका वहां सैन्य कार्रवाई करता है तो यह नाटो और अमेरिका-यूरोप के बीच हुए रक्षा समझौते को तोड़ने जैसा होगा। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने पहले भी कहा था कि रूस और चीन से सुरक्षा के लिए अमेरिका के पास ग्रीनलैंड का होना जरूरी है।
ट्रम्प ग्रीनलैंड के लोगों को अमेरिका में शामिल होने के पैसे देंगे
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 12 जनवरी को अमेरिकी संसद में पेश हुए ग्रीनलैंड एनेक्सेशन एंड स्टेटहुड एक्ट का समर्थन किया है। उन्होंने ये भी कहा अमेरिका को ग्रीनलैंड की जरूरत है और वे इस दिशा में कदम उठा रहे हैं, चाहे दूसरे देश इसे पसंद करें या नहीं। हालांकि, यह बिल अभी सिर्फ पेश हुआ है इसे हाउस और सीनेट दोनों में पास होना है। ट्रम्प प्रशासन ने ग्रीनलैंड के लोगों को अमेरिका में शामिल होने के लिए पैसे देने जैसे तरीकों पर भी चर्चा की है।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक सीएम पद को लेकर स्थिति साफ करें राहुल गांधी: सिद्धारमैया


