तालिबान के आर्थिक कुप्रबंधन के परिणाम भुगत रहे लाखों लोग
Afghanistan Financial Crisis (आज समाज), काबुल : जब से अफगानिस्तान पर दोबारा से तालिबानी शासन काबिज हुआ है तभी से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। वर्तमान में अफगानिस्तान गौर आर्थिक तंगहाली में जा चुका है और उसकी अर्थव्यवस्था भी बुरे दौर से गुजर रही है। इसका सीधा असर वहां की जनता पर पड़ रहा है तो पहले से ही बुनियादी सुविधाओं से वंचित थी। तालिबानी शासन आने के बाद से हालात और भी ज्यादा खराब हुए हैं और आबादी का एक बड़ा हिस्सा कुपोषण और भुखमरी की कगार पर है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में करीब 47 लाख लोग भुखमरी के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
चंद रुपए के लिए बेच रहे बच्चे
गरीबी और भूख का संकट बहुत खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। हालात इतने खराब हैं कि कई परिवार अपने बच्चों को बेचने के लिए मजबूर हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान की कुल आबादी का 10% से ज्यादा हिस्सा इस समय भुखमरी की कगार पर पहुंच चुका है। आपको बता दें कि घोर प्रांत में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां हर सुबह सैकड़ों लोग काम की तलाश में सड़क किनारे खड़े रहते हैं। लेकिन ज्यादातर लोगों को काम नहीं मिलता।
गांवों व दूरस्थ क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब
गांवों में हालात और भी दर्दनाक हैं। यहां पर लोग राशन या फिर कुछ रुपए के बदले अपने बच्चों को बेचने के लिए मजबूर हैं। जिससे यहां पर बाल तस्करी और बाल अपराध का आंकड़ा बड़े स्तर पर बढ़ने की आंशका पैदा हो चुकी है। अपना दर्द बताते हुए वहां के एक स्थानीय शख्स अजीमी ने कहा कि वह अपनी 7 साल की जुड़वां बेटियों को बेचने के लिए तैयार है। वहीं अहमद नाम के एक अन्य शख्स ने अपनी 5 साल की बेटी शाइका को रिश्तेदार को बेच दिया ताकि उसका इलाज कराया जा सके। बच्ची को अपेंडिक्स और लीवर की बीमारी थी। इलाज के लिए पैसे नहीं थे।
इसलिए बिगड़ रहे हालात
पहले अफगानिस्तान में लाखों लोगों को विदेशों से खाने से जुड़ी मदद मिलती थी। उन्हें आटा, तेल, दाल और बच्चों के लिए पोषण सामग्री दी जाती थी। लेकिन अब अमेरिका समेत कई देशों ने मदद बहुत कम कर दी है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, इस साल विदेशी मदद 2025 के मुकाबले 70% तक घट गई है। जिसका सीधा असर यहां के लोगों की जिंदगी पर पड़ा है।
ये भी पढ़ें : PM Modi Norway Visit : ग्रीन रणनीतिक साझेदार बने भारत और नॉर्वे


