बीच आसमान में धधका विमान, फ्लाइट अटेंडेंट ने यूं बचाई 133 यात्रियों की जान, हर तरफ हो रही तारीफ

0
89

अमेरिका में एक बड़ा विमान हादसा टल गया। अटलांटा से डलास जा रही एक कमर्शियल फ्लाइट में उस समय खतरनाक इमरजेंसी की स्थिति बन गई, जब केबिन में एक यात्री के लैपटॉप में अचानक आग लग गई, जिससे पांच यात्री घायल हो गए। खबरों के मुताबिक, यह घटना अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 2398 में हुई।

विमान में सवार थे 133 यात्री

133 यात्रियों और क्रू सदस्यों को ले जा रहा यह विमान डलास फोर्ट वर्थ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपनी मंजिल के करीब पहुंच रहा था, तभी विमान के पिछले हिस्से में धुआं और आग दिखाई दी। CBS न्यूज को मिली एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग में कैप्टन को केबिन में लगी आग की जानकारी देते हुए सुना गया।

फ्लाइट अटेंडेंट ने दिखाई सूझबूझ

मीडिया आउटलेट के अनुसार, पायलट ने कहा, “हवाई जहाज के पिछले हिस्से में केबिन में आग लगी है। फ्लाइट अटेंडेंट अभी इसे बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।” फ्लाइट अटेंडेंट ने आग बुझाने के लिए तेजी से काम किया और और ज्यादा नुकसान से बचने के लिए जलते हुए डिवाइस को विमान के बीच वाले हिस्से में पहुंचा दिया।

5 यात्री हुए घायल

खबरों के मुताबिक कैप्टन ने कहा, “मुझे लगता है कि लैपटॉप की वजह से लगभग चार से पांच यात्री जल गए हैं। लैपटॉप को विमान के बीच वाले हिस्से में रखा गया है।” जलते हुए कंप्यूटर को संभालने या उससे बचने की कोशिश में कई यात्रियों के हाथों में मामूली जलन हुई।

विमान ने सुरक्षित लैंडिंग किया

BBC के अनुसार, विमान ने एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सीधे गेट तक गया। इसके बाद, मेडिकल टीमों और एयरपोर्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स ने विमान का जायजा लिया। पैरामेडिक्स ने घायल यात्रियों की जाँच की और एक यात्री को मौके पर ही मेडिकल ट्रीटमेंट देने के बाद जाने दिया गया।

अमेरिकन एयरलाइंस ने की तारीफ

लैंडिंग के बाद एक बयान में, अमेरिकन एयरलाइंस ने खतरनाक स्थिति को काबू करने में फ्लाइट क्रू की तेजी से सोचने की क्षमता और प्रोफेशनल तरीके से काम करने की तारीफ की।

  • TAGS
  • [post_tags]