Indian Student Sentenced in Britain: ब्रिटेन में बच्चों के ऑनलाइन यौन शोषण के मामले में 27 वर्षीय भारतीय स्टूडेंट बिलाल काजी को 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। वह सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर किशोर लड़का बनकर नाबालिग लड़कियों से दोस्ती करता था। उनका भरोसा जीतने के बाद गंदी तस्वीरें और वीडियो मंगवाता और फिर उन्हें पब्लिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने इस मामले की जांच में 180 पीड़िताओं की पहचान की है।
बिलाल काजी को शुक्रवार को चेस्टर क्राउन कोर्ट में सजा सुनाई गई। उसे 30 साल की कैद के अलावा आठ साल की अतिरिक्त विस्तारित निगरानी की सजा भी दी गई है। ब्रिटेन की क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (CPS) के मुताबिक काजी ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को एक किशोर लड़के के रूप में पेश किया। उसने स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर कम उम्र की लड़कियों से संपर्क किया। वह ‘रीस’ नाम के एक ब्रिटिश किशोर लड़के की पहचान अपनाता था और एक अज्ञात लड़के की तस्वीरों का इस्तेमाल कर लड़कियों को अपने झांसे में लेता था।
किशोर बनकर लड़कियों से करता था दोस्ती
जांच में सामने आया कि काजी लड़कियों से ऑनलाइन बातचीत शुरू करता और धीरे-धीरे उनका भरोसा जीतकर उन्हें यह विश्वास दिलाता था कि वह उनके साथ वास्तविक प्रेम संबंध में है। ब्रिटेन की अभियोजन सेवा के अनुसार वह 10 से 15 वर्ष की लड़कियों को निशाना बनाता था। विश्वास कायम होने के बाद वह उनसे अश्लील तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता था। धीरे-धीरे उसकी मांगें बढ़ती जाती थीं और वह लड़कियों पर वीडियो बनाने का दबाव डालता था। जब कोई लड़की उसकी मांग मानने से इनकार करती, तो वह तस्वीरों और वीडियो को उसके दोस्तों या अन्य लोगों के साथ शेयर करने की धमकी देता था। इस तरह वह पीड़िताओं को डराकर अपनी बात मानने के लिए मजबूर करता था।
13 साल की लड़की की शिकायत से खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा एक पीड़िता की शिकायत के बाद हुआ। चेशायर पुलिस के अनुसार लड़की ने बताया कि जब वह 13 साल की थी, तब उसने स्नैपचैट पर काजी से बातचीत शुरू की थी। उसे लगता था कि वह भी उसकी ही उम्र का लड़का है। शुरुआत में सामान्य बातचीत करने वाला काजी जल्द ही उससे अनुचित और यौन प्रकृति के सवाल पूछने लगा। इसके बाद उसने लड़की से अश्लील तस्वीरें और वीडियो मांगना शुरू कर दिया। समय के साथ उसकी मांगें लगातार बढ़ती गईं।
जुलाई 2021 में लड़की ने उससे कहा कि वह अब केवल दोस्त बने रहना चाहती है और आगे कोई तस्वीर या वीडियो नहीं भेजना चाहती। इस पर काजी ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह पहले भेजी गई तस्वीरें और वीडियो उसके दोस्तों को दिखा देगा। धमकियों से डरकर लड़की उसकी मांगें मानने के लिए मजबूर होती रही। कुछ समय बाद उसका स्नैपचैट अकाउंट हैक हो गया और काजी के साथ शेयर की गई सामग्री उसके दोस्तों तक पहुंच गई। इसके बाद नवंबर 2021 में उसने डर्बीशायर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फोन से सामने आया शोषण का बड़ा नेटवर्क
शुरुआत में एक पीड़िता की शिकायत से शुरू हुई जांच बाद में बड़े स्तर पर फैल गई। मई 2022 में चेशायर कॉन्स्टेबुलरी की ऑनलाइन चाइल्ड एब्यूज इन्वेस्टिगेशन टीम ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि काजी ब्रिटेन छोड़कर जा चुका है। हालांकि जुलाई 2023 में ब्रिटेन लौटने पर उसे हीथ्रो एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल फॉरेंसिक जांच की। मोबाइल फोन से मिले डेटा, यूजरनेम और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांचकर्ताओं ने 180 संभावित पीड़िताओं की पहचान की। इनमें से 70 लड़कियों का पता लगाया गया, जिनकी उम्र अपराध के समय 11 से 17 वर्ष के बीच थी। पुलिस ने इन सभी 70 लड़कियों से संपर्क कर उन्हें अपने अनुभव साझा करने और मामले में सामने आने का अवसर दिया।


