Michaela Benthaus: जर्मनी की दिव्यांग इंजीनियर माइकला बेंथॉस ने भरी स्पेस में उड़ान

0
267
Michaela Benthaus: जर्मनी की दिव्यांग इंजीनियर माइकला बेंथॉस ने भरी स्पेस में उड़ान
Michaela Benthaus: जर्मनी की दिव्यांग इंजीनियर माइकला बेंथॉस ने भरी स्पेस में उड़ान

सात साल पहले एक माउंटेन बाइक दुर्घटना में माइकला बेंथॉस की रीढ़ की हड्डी में लगी थी गंभीर चोट
Michaela Benthaus, (आज समाज), नई दिल्ली: जर्मनी की दिव्यांग इंजीनियर माइकला बेंथॉस ने इतिहास रचते हुए व्हीलचेयर इस्तेमाल करने वाली पहली व्यक्ति के रूप में अंतरिक्ष यात्रा की। सात साल पहले एक माउंटेन बाइक दुर्घटना में उनकी रीढ़ की हड्डी को गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद वह चलने में असमर्थ हो गईं। शनिवार को उन्होंने अमेरिका के वेस्ट टेक्सास से ब्यू ओरिजिन के न्यू शेपर्ड रॉकेट से उड़ान भरी। इस दौरान उनकी व्हीलचेयर धरती पर ही रह गई और वह अंतरिक्ष में भारहीनता का अनुभव करती रहीं।

चल नहीं सकती माइकला बेंथॉस

माइकला बेंथॉस चल नहीं सकतीं। इसके बावजूद उन्होंने ब्लू ओरिजिन की रॉकेट उड़ान में हिस्सा लिया। यह कंपनी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की है। इस खास उड़ान में उनके साथ जर्मनी में जन्मे और स्पेसएक्स के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी हैंस कोएनिग्समैन भी थे। उन्होंने बेंटहाउस की यात्रा के आयोजन और प्रायोजन में मदद की। टिकट की कीमतों का खुलासा नहीं किया गया।

उड़ान के लिए करना पड़ा मामूली बदलाव

करीब 10 मिनट की इस उप-कक्षीय (स्पेस को छूने वाली) उड़ान के लिए केवल मामूली बदलाव करने पड़े। ब्लू ओरिजिन के अनुसार, उनका न्यू शेफर्ड कैप्सूल पहले से ही इस तरह डिजाइन किया गया है कि अलग-अलग क्षमताओं वाले लोग भी उड़ान भर सकें।

माइकला बेंथॉस के लिए कैप्सूल में एक खास ट्रांसफर बोर्ड लगाया गया, ताकि वह हैच से अपनी सीट तक आसानी से जा सकें। लैंडिंग के बाद रेगिस्तान में तुरंत उनकी व्हीलचेयर तक पहुंच बनाने के लिए कालीन बिछाया गया। लॉन्च पैड पर पहले से मौजूद लिफ्ट से सात मंजिल ऊपर कैप्सूल तक पहुंच संभव हुई।

यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के ग्रेजुएट ट्रेनी प्रोग्राम का हिस्सा हैं बेंथॉस

33 वर्षीय माइकला बेंथॉस नीदरलैंड्स में यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के ग्रेजुएट ट्रेनी प्रोग्राम का हिस्सा हैं। उन्होंने 2022 में पैरबोलिक फ्लाइट के जरिए भारहीनता का अनुभव किया था और बाद में पोलैंड में दो हफ्ते के सिम्युलेटेड स्पेस मिशन में भी भाग लिया। उड़ान से पहले उन्होंने कहा कि मुझे कभी नहीं लगा था कि अंतरिक्ष यात्रा मेरे लिए एक वास्तविक विकल्प होगी।

हादसे के बाद तो यह सपना और भी दूर लगता था, क्योंकि विकलांग लोगों के अंतरिक्ष जाने का कोई इतिहास नहीं था। यह निजी मिशन था और इसमें ईएसए की सीधी भागीदारी नहीं थी। इसी साल ईएसए ने रिजर्व अंतरिक्ष यात्री जॉन मैकफॉल को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की उड़ान के लिए मंजूरी दी है।

  • TAGS
  • [post_tags]