अमेरिकी डिफेंस डिपार्टमेंट पेंटागन की रिपोर्ट में सामने आई जानकारी
China Military Base Strategy, (आज समाज), नई दिल्ली: चीन बांग्लादेश में मिलिट्री बेस बनाना चाहता है। यह जानकारी अमेरिकी डिफेंस डिपार्टमेंट पेंटागन की रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी बांग्लादेश और पाकिस्तान समेत दुनिया के 21 देशों में नए मिलिट्री बेस बनाने की योजना पर काम कर रही है। इनका मकसद चीन की नेवी और एयरफोर्स को दूर देशों तक आॅपरेशन करने में मदद देना और वहां आर्मी तैनात करना है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पीएलए की सबसे ज्यादा दिलचस्पी उन इलाकों में है, जहां से दुनिया का अहम समुद्री व्यापार गुजरता है, जैसे मलक्का जलडमरूमध्य, होरमुज जलडमरूमध्य और अफ्रीका व मिडिल ईस्ट के कुछ स्ट्रैटेजिक पाइंट्स। इसके साथ ही, चीन अपने विदेशी सैन्य ढांचे के लिए कमांड और कंट्रोल सिस्टम भी मजबूत कर रहा है, ताकि दूर-दराज के इलाकों में मौजूद अपने ठिकानों को बेहतर तरीके से आॅपरेट किया जा सके।
खुफिया जानकारी जुटाने के लिए भी इस्तेमाल हो सकते हैं ये ठिकाने
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, चीन के ये विदेशी सैन्य ठिकाने सिर्फ सैन्य मदद के लिए नहीं, बल्कि खुफिया जानकारी जुटाने के लिए भी इस्तेमाल हो सकते हैं। ऐसा लॉजिस्टिक नेटवर्क अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की सेनाओं की एक्टिविटी पर नजर रखने में मदद कर सकता है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि चीन का यह कदम ग्लोबल लेवल पर उसकी सैन्य ताकत और प्रभाव बढ़ाने की दिशा में एक बड़ी कोशिश है।
चीन की सैन्य ताकत पर रिपोर्ट तैयार करवाती है अमेरिकी संसद
पिछले 25 सालों से अमेरिकी संसद रक्षा विभाग (पेंटागन) से हर साल एक रिपोर्ट तैयार करवा रही है, जिसमें चीन की सैन्य ताकत और उसकी रणनीति पर नजर रखी जाती है। इन रिपोर्ट में बताया गया है कि कैसे चीन लगातार अपनी सेना को मजबूत कर रहा है और अपनी ग्लोबल रोल बढ़ा रहा है।
फर्स्ट आइलैंड चेन पर मुख्य फोकस
रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय चीन की सेना का मुख्य फोकस फर्स्ट आइलैंड चेन पर है। ये आइलैंड चेन जापान से लेकर मलेशिया तक फैला समुद्री इलाका है। चीन इसे एशिया में अपने रणनीतिक हितों का सेंटर मानता है। बीजिंग का टारगेट है कि 2049 तक चीन के पास वर्ल्ड-क्लास सेना हो।
चीन का टारगेट अमेरिका को पीछे छोड़ना
चीन का टारगेट है कि वह अमेरिका को दुनिया की सबसे ताकतवर शक्ति के तौर पर पीछे छोड़ दे। इसके लिए वह पूरे देश की ताकत झोंकने वाली रणनीति अपना रहा है, जिसे वह ‘नेशनल टोटल वॉर’ कहता है। चीन ने बीते सालों में परमाणु हथियारों, लंबी दूरी के मिसाइल सिस्टम, नौसेना, साइबर और अंतरिक्ष क्षमताओं में तेजी से बढ़ोतरी की है। 2024 में चीनी साइबर हमलों, जैसे वोल्ट टाइफून ने अमेरिका को निशाना बनाया, जिससे अमेरिका की सुरक्षा को सीधी चुनौती मिली।
चीना का मानना: अमेरिका उसकी तरक्की रोकना चाहता है
वहीं चीन मानता है कि अमेरिका और उसके सहयोगी देश उसकी तरक्की रोकना चाहते हैं। अमेरिका द्वारा ताइवान को हथियार देने, फिलीपींस में मिसाइल तैनात करने और तकनीकी पाबंदियां लगाने से चीन नाराज है। फिर भी चीन अमेरिका से बातचीत के दरवाजे खुले रखना चाहता है, ताकि हालात पूरी तरह न बिगड़ें। अमेरिका का कहना है कि वह तनाव कम करने के लिए संपर्क बनाए रखना चाहता है।
अरुणाचल को अपना हिस्सा बताता रहा है चीन
वहीं अमेरिका ने भारत को चीन की दोहरी रणनीति को लेकर चेतावनी दी है। पेंटागन की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन एक तरफ भारत के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनाव कम करने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग बढ़ा रहा है। पेंटागन का आकलन है कि चीन का मकसद भारत के साथ रिश्तों को सामान्य करके उसे अमेरिका के और करीब जाने से रोकना है। रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत-चीन के बीच भरोसे की कमी अब भी बनी हुई है। दोनों के बीच अरुणाचल प्रदेश को लेकर विवाद बड़ा मुद्दा है। चीन अरुणाचल को अपना हिस्सा बताता रहा है, जो भारत की संप्रभुता को सीधी चुनौती है।
चीन-पाक मिलकर बना रहे जेएफ-17 फाइटर जेट
पेंटागन ने पाकिस्तान में चीन की बढ़ती सैन्य भूमिका पर चिंता जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन 2020 से अब तक पाकिस्तान को 36जे-10सी लड़ाकू विमान दे चुका है। इसके अलावा दोनों देश मिलकर जेएफ-17 फाइटर जेट बना रहे हैं। पाकिस्तान को चीनी ड्रोन और नौसैनिक उपकरण भी मिल रहे हैं। दिसंबर 2024 में चीन और पाकिस्तान ने संयुक्त आतंकवाद-रोधी सैन्य अभ्यास भी किया।
ये भी पढ़ें: 20 वर्ष बाद बीएमसी चुनाव साथ लड़ेंगे उद्धव-राज

