Maharashtra Politics: 20 वर्ष बाद बीएमसी चुनाव साथ लड़ेंगे उद्धव-राज

0
92

UBT Sena & MNS Alliance, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र में ठाकरे बंधुओं (उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ) की चुनावों में हाथ मिलाने की जो बातें सामने आ रही थीं, वह सच हो गई हैं। दोनों ने आज बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के  चुनाव साथ लड़ने का ऐलान कर दिया। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (UBT Sena Chief Uddhav) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने अपने परिवारों के साथ पहले शिवाजी पार्क में बालासाहेब ठाकरे (Balasaheb Thackeray) के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उसके बाद प्रेस कांफ्रेंस कर शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीएमसी चुनाव (BMC elections) साथ मिलकर लड़ने का ऐलान किया।

मराठी होगा और हमारा होगा मुंबई का मेयर : राज ठाकरे

ऐसा 20 वर्ष बाद होगा जब उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) और राज ठाकरे (Raj Thackeray) एक साथ चुनाव लड़ेंगे। राज ठाकरे ने कहा, महाराष्ट्र जिस पल का अरसे से इंतजार कर रहा था कि शिवसेना और मनसे साथ आएं, आज हम आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमारा गठबंधन हो गया है और मुंबई का मेयर एक मराठी होगा और हमारा होगा। उद्धव ठाकरे ने कहा, हम साथ रहने के लिए साथ आए हैं। उन्होंने साफ कहा कि महाराष्ट्र के मुद्दे को प्राथमिकता दी गई है और इसके साथ ही मराठी मानुष की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाएगा।

29 नगर निगमों के लिए किया है चुनावों का ऐलान

बता दें कि महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश के 29 नगर निगमों के लिए इलेक्शन की घोषणा की है। इसमें बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी), पुणे नगर निगम (बीएमसी) और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) शामिल हैं। 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना 16 जनवरी को होगी।

खत्म हो गई वर्षों की राजनीतिक दूरी 

शिवसेना व मनसे के कार्यकर्ताओं का मानना हैँ कि दोनों चचेरे भाइयों के बीच वर्षों की राजनीतिक दूरी खत्म हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पंचायत चुनावों में मिली हार के बाद बीएमसी चुनाव पार्टियों के लिए बेहतर खबर लाएंगे। शिवसेना के प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने कहा, यह एक अच्छी बात है कि भाई साथ आ गए, पर प्रश्न यह है कि 20 वर्ष में उन्होंने मराठी भाषा के लोगों को क्यों अलग किया। इन्होंने उन्हें हल्के में क्यों लिया? ठाकरे भाइयों ने े अभी तक इस बात का जवाब नहीं दिया है?

ये भी पढ़ें : Maharashtra Politics: 20 साल बाद एक मंच पर उद्धव-राज, हमेशा साथ रहने का वादा