कहा-अमेरिका अपनी जगह, लेकिन चीन जरूरी
UK PM Keir Starmer Visit China, (आज समाज), नई दिल्ली: ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर चीन के दौरे पर है। स्टार्मर बुधवार को चीन पहुंचे थे। इससे पहले साल 2018 में तत्कालीन ब्रिटिश पीएम थेरेसा मे चीन आई थीं। चीन रवाना होने से पहले स्टार्मर ने मीडिया से कहा था कि ब्रिटेन को अमेरिका और चीन में से किसी एक को चुनने की जरूरत नहीं है। अमेरिका के साथ रिश्ते बने रहेंगे, लेकिन चीन को नजरअंदाज करना सही नहीं होगा।
2020 में जासूसी के शक चीनी कंपनी हुआवे को ब्रिटेन ने देश से निकाला था
वहीं, चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच भरोसा बढ़ेगा और रिश्तों में स्थिरता आएगी। ब्रिटेन भले ही आज चीन को जरूरी देश बता रहा है, लेकिन 2020 में कोरोना के वक्त ही उसने चीनी टेक कंपनी हुआवे को जासूसी के शक में अपने देश से निकाल दिया था।
चीन ऐसी हकीकत जिसका सामना करना जरूरी
पीएम कीर स्टार्मर ने भी माना है कि चीन को लेकर ब्रिटेन का रवैया कभी बहुत नरम रहा, तो कभी बहुत सख्त। उनका कहना है कि वे चीन के साथ गोल्डन एरा या आइस एज जैसी दो टूक सोच में भरोसा नहीं करते। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ब्रिटेन अब चीन को न तो दोस्त मान रहा है और न दुश्मन, बल्कि एक ऐसी हकीकत मान रहा है जिसका सामना करना जरूरी है। किंग्स कॉलेज लंदन के प्रोफेसर केरी ब्राउन ने कहा कि ब्रिटेन को दूसरे विकल्प तलाशने होंगे और ऐसा बाकी देश भी कर रहे हैं।
फिनलैंड और आयरलैंड के प्रधानमंत्री भी कर चुके चीन का दौरा
स्टार्मर की ये यात्रा चीन को लेकर बने शक और डर को कम करने की कोशिश है। ये विजिट ऐसे समय हो रही है जब यूरोप और चीन के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हैं। हाल के हफ्तों में फिनलैंड और आयरलैंड के प्रधानमंत्री भी चीन जा चुके हैं। जर्मन चांसलर के भी फरवरी में चीन जाने की संभावना है।
चीन और यूरोपियन यूनियन पार्टनर हैं प्रतिद्वंद्वी नहीं
फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओरपो ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। चीन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और यूरोपियन यूनियन पार्टनर हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं और सहयोग मतभेदों से ज्यादा अहम है।
ये भी पढ़ें: Colombia Breaking News: कोलंबिया में वेनेजुएला के पास विमान हादसा, 15 लोगों की मौत


