Bangladesh Violence Update: बांग्लादेश ने इंडियन वीजा सर्विस सस्पेंड की

0
266
Bangladesh Violence Update: बांग्लादेश ने इंडियन वीजा सर्विस सस्पेंड की
Bangladesh Violence Update: बांग्लादेश ने इंडियन वीजा सर्विस सस्पेंड की

भारत द्वारा बांग्लादेश में वीजा सेवाएं बंद करने के जवाब में उठाया गया कदम
Bangladesh Violence Update, (आज समाज), नई दिल्ली: बांग्लादेश हाई कमीशन ने दिल्ली में भारतीयों के लिए वीजा और कांसुलर सेवाएं सस्पेंड कर दी हैं। यह कदम भारत द्वारा बांग्लादेश में वीजा सेवाएं बंद करने के जवाब में उठाया गया है। युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन और भारत-विरोधी नारे लगे थे, जिससे हालात और बिगड़ गए।

इससे पहले रविवार को भारत ने बांग्लादेश के चटगांव में इंडियन वीजा एप्लिकेशन सेंटर में वीजा सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए रोक दी थीं। भारत ने खुलना, राजशाही और चट्टोग्राम में भी वीजा सर्विस सस्पेंड की थी। चटगांव में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था और प्रदर्शनकारियों पर वीजा कार्यालय पर पथराव करने का आरोप लगा था।

हादी की मौत भड़के प्रदर्शनों को देखते हुए भारत ने लिया था फैसला

बांग्लादेश के फैसले को भारत के वीजा सर्विस बंद करने के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि बांग्लादेश जाने वाले भारतीयों की संख्या ना के बराबर रहती है। पत्रकार और कुछ व्यापारी ही आते जाते रहते हैं। भारत ने बांग्लादेश के युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़के प्रदर्शनों को देखते हुए वीजा सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया था।

हादी की हत्या कैसे हुई थी?

12 दिसंबर को ढाका के बिजॉयनगर इलाके में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने हादी के सिर में गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। हादी की मौत के बाद पूरे बांग्लादेश में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई।

भारत विरोधी नारे लगे

हादी के जनाजे के दौरान भीड़ ने भारत विरोधी नारे भी लगाए। उधर, सोमवार को खुलना में नेशनल सिटीजन पार्टी के कार्यकर्ता बल के प्रमुख मोतलेब शिकदर को गोली मार दी गई। यह पार्टी छात्र नेता नाहिद इस्लाम की है। नाहिद इस्लाम को शेख हसीना विरोधी आंदोलन का प्रमुख चेहरा माना जाता है। ढाका और चटगांव के बाद खुलना बांग्लादेश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है।

बांग्लादेश ने यह आरोप लगाए

बांग्लादेश के फॉरेन एडवाइजर तौहीद हुसैन ने रविवार को बताया था कि दिल्ली में बांग्लादेशी हाई कमिश्नर रियाज हमीदुल्लाह को जान से मारने की धमकी मिली थी। दरअसल, शनिवार को दिल्ली स्थित बांग्लादेशी मिशन के बाहर 20 से 25 लोगों ने प्रदर्शन किया था। हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रविवार को बांग्लादेश के आरोपों को खारिज कर दिया।

ये भी पढ़ें: यूपी के सीएम योगी बोले- देश में दो नमूने, एक दिल्ली, दूसरा लखनऊ में

  • TAGS
  • [post_tags]