Dev Uthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी , 4 महीने की योगनिद्रा से कल जागेंगे श्रीहरि, जानें पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त, आसान विधि

0
207

नई दिल्ली. भगवान विष्णु की पूजा करने से मांगी इच्छी पूरी होती है. शुक्रवार को देशभर में भक्त देवउठनी एकादशी मनाएंगे. हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष महत्व है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं. इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. इस दिन घरों में भगवान विष्णु को जगाने की विशेष परंपरा निभाई जाती है. शाम के समय आंगन में भगवान के चरण बनाए जाते हैं और थाली, घंटी व शंख बजाकर ‘उठो देव, बैठो देव’ गीत गाया जाता है.

इस साल देवउठनी एकादशी 20 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी. इस अवसर पर श्रद्धालु भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे और उन्हें मौसमी फल व अन्य प्रसाद अर्पित करेंगे. आइए जानते हैं देवउठनी एकादशी पर भगवान को जगाने का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, मंत्र और भजन के बोल.

देवउठनी एकादशी 2026: भगवान को जगाने का शुभ मुहूर्त

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर निभाई जाती है. कुछ स्थानों पर सुबह देव जगाए जाते हैं, जबकि अधिकांश जगहों पर शाम को सूर्यास्त के बाद यह रस्म होती है. आप अपने घर या क्षेत्र की परंपरा के अनुसार भगवान को जगा सकते हैं.

मुहूर्त समय
सुबह देव जगाने का मुहूर्त सुबह 5:01 से 10:47 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे तक
शाम देव जगाने का शुभ मुहूर्त शाम 5:26 से 5:52 बजे तक

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को कैसे जगाएं? जानें पूरी विधि

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के लिए घर के आंगन में विशेष चौक बनाया जाता है. इसके बाद भगवान के चरण बनाकर पूजा और जागरण की परंपरा निभाई जाती है.

  • शाम होने से पहले घर के आंगन की अच्छी तरह सफाई कर लें।
  • इसके बाद गेरू से जमीन को रंगें और खड़िया या चावल के घोल से चौक बनाएं।
  • चौक के बीच से घर के अंदर की तरफ जाते हुए भगवान विष्णु के छोटे-छोटे चरण बनाएं।
  • चौक पर एक डलिया या परात उल्टी करके रखें। इसके नीचे सिंघाड़ा, बेर, शकरकंद, गुड़ और कुछ पैसे रख दें।
  • सूर्यास्त के बाद चौक के पास, तुलसी के पौधे के पास और घर के कोने-कोने में दीपक जलाएं।
  • भगवान विष्णु को चौक पर विराजमान कर विधि-विधान से स्नान कराएं। इसके बाद चंदन का तिलक लगाकर पीले वस्त्र अर्पित करें।
  • भगवान को फूल और तुलसी दल चढ़ाएं।
  • अब शंख, घंटी, मृदंग या थाली बजाते हुए डलिया के चारों ओर परिक्रमा करें और ‘उठो देव, बैठो देव’ भजन गाकर भगवान को जगाएं।
  • इस दौरान भगवान विष्णु के जागरण का विशेष मंत्र भी पढ़ें।
  • इसके बाद डलिया हटाकर भगवान को भोग लगाएं और विष्णु जी की आरती उतारें।
  • अंत में डलिया के नीचे रखे फल और अन्य प्रसाद को परिवार के सभी सदस्यों में बांट दें।

भगवान विष्णु को जगाने का मंत्र और उसका अर्थ

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए विशेष मंत्र का जाप किया जाता है. मान्यता है कि इस मंत्र के साथ भगवान से संसार के कल्याण की प्रार्थना की जाती है.

मंत्र:

उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द उत्तिष्ठ गरुडध्वज।

उत्तिष्ठ कमलाकान्त त्रैलोक्यं मङ्गलं कुरु॥

मंत्र का अर्थ: हे कमलाकांत, हे गोविंद और हे गरुड़ध्वज! आप जागिए और उठिए. पूरे संसार सहित तीनों लोकों का मंगल कीजिए.

देवउठनी एकादशी भजन: ‘उठो देव, बैठो देव’ के पूरे बोल

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के लिए पारंपरिक रूप से ‘उठो देव, बैठो देव’ गीत गाया जाता है. इस दौरान परिवार के लोग थाली, घंटी और शंख बजाते हुए भगवान को जगाने की प्रार्थना करते हैं.

उठो देव, बैठो देव भजन लिरिक्स:

उठो देव बैठो देव – पाटकली चटकाओ देव

आषाढ़ में सोए देव – कार्तिक में जागे देव

कोरा कलशा मीठा पानी – उठो देव पियो पानी

हाथ पैर फटकारी देव – आंगुलिया चटकाओ देव

कुवारी के ब्याह कराओ देव – ब्याह के गौने कराओ

तुम पर फूल चढ़ाए देव – घी का दीया जलाये देव

आओ देव पधारो देव – तुमको हम मनाएं देव

चूल्हा पीछे पांच पछीटे सासू जी बलदाऊ जी धारे रे बेटा

ओने कोने झांझ मंजीरा – सहोदर किशन जी तुम्हारे वीरा

ओने कोने रखे अनार – ये है किशन जी तुम्हारे व्यार

ओने कोने लटकी चाबी – सहोदरा ये है तुम्हारी भाभी

जितनी खूंटी टांगो सूट – उतने इस घर जन्मे पूत

जितनी इस घर सीक सलाई – उतनी इस घर बहुएं आईं

जितनी इस घर ईंट और रोडे – उतने इस घर हाथी-घोड़े

गन्ने का भोग लगाओ देव – सिंघाड़े का भोग लगाओ देव

बेर का भोग लगाओ देव – गाजर का भोग लगाओ देव

गाजर का भोग लगाओ देव

उठो देव, उठो…

  • TAGS
  • [post_tags]