Canada Plane Crash: कनाडा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण तिरुग्नानसंबंथम के रूप में हुई है। भारतीय मिशन ने यह जानकारी दी।
उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हादसा
वैंकूवर स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दोनों छात्रों की मौत पर रविवार को शोक व्यक्त किया। दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, ”वैंकूवर स्थित भारत का महावाणिज्य दूतावास तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण तिरुग्नानसंबंथम की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दोनों भारतीय छात्रों की कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक दुखद विमान हादसे में मौत हो गई।”
भारत भेजे जाएंगे शव
उसने कहा, ”इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं। हम शवों को भारत ले जाने के लिए उनके परिवारों को वाणिज्य दूतावास संबंधी हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार हैं।”


