Weather 30 March 2024 Update: हिमाचल प्रदेश में बारिश और आंधी का कहर, जम्मू-कश्मीर मेें एवलांच

0
37
Weather 30 March 2024 Update
हिमाचल प्रदेश के नाहन में कारों पर गिरे पेड़।

Aaj Samaj (आज समाज), Weather 30 March 2024 Update, नई दिल्ली: उत्तर भारत के पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश के साथ आई आंधी ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। हिमाचल प्रदेश के अलावा चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब के कई इलाकों में कल देर रात बारिश, अंधड़ व ओलावृष्टि हुई जिससे काफी नुकसान हुआ है।

उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी

मौसम विभाग के आरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल के कई जिलों में तेज आंधी ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। वहीं राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। प्रदेश में जगह-जगह पेड़ उखड़ गए, कई घरों की छतें उड़ गईं और कई जिलों में गेहूं खेतों में बिछ गई है। इससे किसानों के चेहरों पर निराशा है। तारों पर पेड़ गिरने से बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई।

शिमला में लोहे की सीटों को लकड़ी समेत ले गया तूफान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से अब भी बारिश, बर्फबारी और अंधड़ का आरेंज अलर्ट जारी है। राजधानी शिमला के अंतर्गत टूटु विकासखंड की शकराह पंचायत के शैहच गांव में शनिवार सुबह आंधी से एक मकान की छत उड़ गई। उस दौरान पूरा परिवार घर में सो रहा था। तूफान इतना तेज था कि यह छत की चादरों को लकड़ी के साथ घर से कुछ दूर तक ले गया। कांगड़ा जिले में भी अंधड़ से जगह-जगह पेड़ व होर्डिंग्स आदि उखड़ गए। पंचरुखी और खैरा में भी आम के पेड़ उखड़ गए हैं।

कुल्लू-मनाली हाईवे कई जगहों पर तालाब बना

हमीरपुर के बिझड़ी में पेड़ के साथ दीवार भी गाड़ी पर गिर गई। बारिश के चलते कुल्लू-मनाली हाईवे कई जगहों पर तालाब बन गया। जिला मुख्यालय नाहन स्थित पुलिस कॉलोनी में एक बड़े पेड़ के गिरने से नीचे खड़ी पुलिस कर्मियों की करीब आठ गाड़ियां दब गईं। कुछ गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अंधड़ से गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। वहीं जिले के तहत नगर परिषद संतोषगढ़ के वार्ड पांच में एक मकान की छत से जुड़े लोहेनुमा पत्तरों से आसपड़ोस के तीन घरों को करीब 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। सोलन में भी बारिश और ओलावृष्टि हुई है। कश्मीर में सोनमर्ग के हंग इलाके में शुक्रवार दोपहर भारी हिमस्खलन से दो वाहन दब गए। हालांकि इसमें कोई नुकसान नहीं हुआ है।

हिमाचल में अभी और बारिश व हिमपात का अनुमान

मौसम विभाग की ओर से 31 मार्च को भी प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई। वहीं, 1 व 2 अप्रैल को मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार तीन से से पांच अप्रैल तक प्रदेश में फिर बारिश-बर्फबारी की संभावना है। मौसम में अचानक बदलाव से किन्नौर और शिमला जिले की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है।

हरियाणा में 2 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने 2 अप्रैल को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा में मौसम बदलने की संभावना जताई है। हालांकि यह पहले के मुकाबले कमजोर रहेगा। विक्षोभ के आने पर दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी और गुजरने के बाद तापमान में कुछ गिरावट आएगी।

पंजाब में भी कई जगह पेड़ गिरे, आज के लिए फिर अलर्ट

चंडीगढ़। पंजाब में भी शुक्रवार-शनिवार की देर रात तेज आंधी तूफान के कारण कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे बिजली सप्लाई बाधित हो गई। मौसम विभाग ने पंजाब में रविवार के लिए भी अलर्ट जारी किया है। इन दो दिन में राज्य में 40 से 50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। साथ ही ओलावृष्टि व बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के विशेषज्ञ शिवइंद्र के मुताबिक बारिश होने से दिन के तापमान में 3-4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। पर इसके बाद सोमवार से अधिकतम तापमान में फिर बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook

SHARE