Weather 26th June Update: देश के 25 रज्यों में भारी बारिश का अनुमान, हिमाचल के लिए रेड अलर्ट जारी

0
279
Weather 26th June Update
हिमाचल प्रदेश : हमीरपुर जिले में टीहरा सुजानपुर के खीरी गांव में बादल फटने के बाद घर में घुसा बारिश का पानी।

Aaj Samaj (आज समाज), Weather 26th June Update, नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली सहित अधिकतर राज्यों में मानसून की दस्तक ने लोगों को कुछ दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से निजात दिलाई है लेकिन साथ ही असम, हिमाचल व महाराष्टÑ सहित कई राज्यों के लिए मानसून दुश्वारियां लेकर आया है। असम व हिमाचल में भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बेकाबू हैं। हिमाचल के लिए रेड अलर्ट, उत्तराखंड में आरेंज व महाराष्ट्र के लिए येलो अलर्ट जारी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को मध्यप्रदेश जाने वाले थे लेकिन बिगड़ते मौसम को देखते हुए उनका दौरा रद कर दिया गया। उत्तर प्रदेश में बर्षाजनित हादसों में 7 लोगों की जान चली गई है। मुंबई व राजस्थान में दो-दो और हिमाचल बीते करीब तीन दिन में 6 व उत्तराखंड में तीन लोगों की मौत की खबर है।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मध्यप्रदेश दौरा रद
  • हिमाचल में 300 से अधिक जानवर भी मारे गए
  • उत्तराखंड में आरेंज व महाराष्ट्र के लिए येलो अलर्ट 

बर्षाजनित हादसों में  दो दिन में करीब 20 लोगों की मौत

बर्षाजनित हादसों में अलग-अलग राज्यों में दो दिन में करीब 20 लोगों की मौत हो गई है। बारिश के साथ भूस्खलन के चलते कई स्थानों पर हवाई, रेल व सड़क यातायात। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून भारत के कई राज्यों में दस्तक दे चुका है और यह लगातार आगे बढ़ता जाएगा। विभाग ने देश के 25 से ज्यादा राज्यों के लिए इस सप्ताह भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उड़ानें प्रभावित, पाक हवाई क्षेत्र में घुसा इंडिगो का विमान

दिल्ली में मौसम खराब होने के बाद एयर इंडिया की दो, स्पाइसजेट की दो और गल्फ स्ट्रीम की एक फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। देहरादून में कम दृश्यता के चलते दिल्ली-अहमदाबाद से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। खराब मौसम के कारण इंडिगो की श्रीनगर-जम्मू फ्लाइट नंबर-6ई-2124 रविवार को पाकिस्तान एयरस्पेस में घुस गई। इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट दूसरी बार पाक एरिया में घुसी है। इसके बाद फ्लाइट की अमृतसर में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। दो सप्ताह पहले भी इंडिगो एयर लाइन की फ्लाइट पाकिस्तान चली गई थी।

उत्तराखंड : बागेश्वर में बिजली गिरने से 400 बकरियां मरीं

उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में मानसून की पहली बारिश से ही नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा मार्ग भी बंद हो गए थे। बागेश्वर में बिजली गिरने से 400 बकरियां मर गईं। कई जगह सड़कें बंद है। शासन ने पर्यटकों और ट्रेकर्स के 30 जून तक उच्च हिमालय में प्रवेश पर रोक लगा दी है। ऋषिकेश में गंगा में राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है।

हिमाचल : 124 सड़कें बाधित, 6 लोगों की मौत 300 जानवर मरे

हिमाचल में भारी बारशि, भूस्खलन व बादल फटने के कारण दो एनएच सहित 124 सड़कें बाधित हो गई। मंडी व कुल्लू जिले में तेज बहाव के कारण 14 गाड़ियां बह गईं। प्रदेश में मानसून की पहली बारिश में ही राज्य की नदियां और नाले उफान पर हैं। शिमला जिले में पहाड़ी का पत्थर गिरने से बिहार के ट्रैकर की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन के अधिकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण राज्य में 6 लोगों की मौत हुई है।

मनाली नेशनल हाईवे बंद

इसी के साथ बर्षा जनित हादसों में 300 से अधिक जानवर भी मारे गए हैं। पूरे प्रदेश में लगभग तीन करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। मंडी जिले में मंडी-पंडोह के बीच जगह-जगह चट्टानें और मलबा गिरने से मनाली नेशनल हाईवे बंद है। एनएच मंडी-पठानकोट मार्ग मूसलाधार बारिश के चलते घटासनी के पास स्वाड़ नाले में मलबा आने से चार घंटे अवरुद्ध रहा। एनएचएआई के साइट इंजीनियर साहिल जोशी के अनुसार सोमवार सुबह यह मार्ग बहाल हो पाया। राज्य के अन्य जिलों में भी कई जगह भूस्खलन से मार्ग बाधित हुए हैं।

जम्मू और कश्मीर : जिले में कक्षा 10 तक सभी स्कूल बंद

भारी बारिश के कारण जम्मू और कश्मीर के जिला प्रशासन रामबन ने जिले में कक्षा 10 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। हरियाणा के सोनीपत में सिग्नल सिस्टम खराब होने से कई ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा।

दिल्ली में पहले दिन 50.7 एमएम बारिश

दिल्ली में मानसून के पहले दिन रविवार को 50.7 एमएम बारिश दर्ज की गई और यहां भी अगले कुछ दिन तक लगातार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। तीन साल में पहली बार दिल्ली में मानसून समय से पहले पहुंचा है। असम बाढ़ के कारण अब भी लाखों लोग प्रभावित हैं। बचाव टीमें लगातार काम में जुटी हैं। मुंबई में विले पार्ले और घाटकोपर में दो भवनों के हिस्से ढहने दो बुजुर्गों की मौत हुई।

यह भी पढ़ें :  

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE