चौ.बंसीलाल राजकीय महिला कॉलेज में मनाई तीज

0
309
Teej Celebrated in Ch. Bansilal Government Women's College
Teej Celebrated in Ch. Bansilal Government Women's College

आज समाज डिजिटल, Tosham News:
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों की सहभागिता, महिला और बाल विकास विभाग की महिलाओं के साथ मिलकर तीज महोत्सव मनाया गया। तोशाम में स्थित चौ. बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित उपमंडल स्तरीय दो दिवसीय उत्सव के शुभारंभ पर विशेषतौर से प्रियंका संडवा और दसवीं में अव्वल अमीषा के साथ हुआ।

हरियाणवी गीतों की रही धूम

उन्होंने तीज उत्सव पर लगाए विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों, महिला और बाल विकास विभाग की ओर से संचालित स्टालों का अवलोकन किया। महिला और बाल विकास विभाग की जिला परियोजना अधिकारी दर्शना मालवाल, सीडीपीओ विभूति और ग्रामीण आजीविका मिशन से प्रोग्राम मैनेजर मंजू इस दौरान उपस्थित रही।

उन्होंने सभी महिलाओं को तीज महोत्सव की बधाई दी। तीज महोत्सव में हरियाणवी गीतों पर खूब धमाल रहा। महिलाओं ने जमकर नृत्य किया व हर्षोल्लास के साथ उत्सव मनाया। मॉडल संस्कृति स्कूल व आरोही स्कूल के बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कहीं रंगोली सजाई जा रही थी तो कहीं महिलाओं के हाथों की कारीगरी से तैयार सामान की प्रदर्शनी लगी थी।

मेहंदी के स्टालों पर रही भीड़

स्टाल पर मेहंदी, महिला सिंगार, तीज उत्सव पर खाद्य सामग्री और मिठाइयों को सजाया था। तीज उत्सव पर झूले का प्रबंध किया गया था। सभी स्टाल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए जागरूक कर रहे थे। महिलाओं ने सावन के गीतों पर जमकर नृत्य किया और एक दूसरे को झूला झुलाकर इस त्यौहार की परंपरा को निभाया। बीडीपीओ बलराम गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रदेश में उपमंडल स्तर पर बड़े गांवों में तीज महोत्सव को 30 व 31 जुलाई को धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीज त्योहार हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है। इसे संजोए रखना हम सबका दायित्व है।

खुशियों का त्योहार है हरियाली तीज

जिला परियोजना अधिकारी दर्शना मालवाल व सीडीपीओ विभूति ने कहा कि हरियाली तीज खुशियों और उमंग का त्योहार है। भारत त्योहारों का देश है और यहां हर मौसम अपने साथ कई त्योहार लेकर आते हैं, सावन का महीना भी कई त्योहार साथ लेकर आता है, जिसमें तीज खास है। उन्होनें कहा कि परपंरा के अनुसार तीज सभी पर्वों के शुरूआत की प्रतीक मानी जाती है।

डीपीओ दर्शना मालवाल, सीडीपीओ विभूति व ग्रामीण आजीविका मिशन से प्रोग्राम मैनेजर मंजू ने एथलीट प्रियंका संडवा व दसवीं कक्षा में प्रदेश में प्रथम रही अमीषा को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी वर्कर, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं, महाविद्यालय एवं स्कूली छात्राएं एवं भारी संख्या में गणमान्य महिलाएं उपस्थित रही।

SHARE