नशा मुक्त पानीपत बनाने को पुलिस का अभियान तेज – इस वर्ष जनवरी माह से अब तक नशा तस्करी के 37 मामलों में मजबूत पैरवी करते हुए 48 आरोपियों को सजा दिलवाई

0
111
To make Panipat drug free Police operation intensified
  • नशा तस्करी के मामले में सात आरोपियों को सजा दिलवाने में विशेष कार्य और मजबूत पैरवी करने पर पुलिस टीम और डीडीए को पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित

 

Aaj Samaj (आज समाज),पानीपत : पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने नशा तस्करी के एक मामले में सात तस्करों को गिरफ्तार करने व मजबूत पैरवी कर आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलवाने में विशेष कार्य करने वाले 4 पुलिसकर्मियों एसआई सतपाल, मुख्य सिपाही राकेश, ईएचसी जितेंद्र व सिपाही राजेश व उप जिला न्यायवादी संजीव कुमार को वीरवार को सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने सभी को अपने कार्यालय में प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया और हौसला अफजाई करते हुए सभी के कार्य की सराहना की। इस अवसर पर जिला न्यायवादी राजेश चौधरी, एसपी रिडर एएसआई सुभाष व कार्यालय की विभिन्न ब्रांच के इंचार्ज मौजूद रहे।

 

7 किलो 50 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया था

पानीपत पुलिस की सीआईए थ्री टीम ने 4 मार्च 2022 को चौटाला रोड मोड़ पर बाइक सवार नशा तस्कर आरोपी कृष्ण पुत्र राजसिंह व सोनू पुत्र उमेद सिंह निवासी पांची जिला सोनीपत को 7 किलो 50 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर नशा तस्करी में शामिल हरियाणा रोडवेज में दिल्ली डिपों में तैनात चालक सोनीपत जिला के बड़ी गांव के मनोज पुत्र सतबीर, नशा सप्लायर मुकेश निवासी काथी, मोहर सिंह निवासी कास्ता कुल्लू व राजेंद्र निवासी चिंडे मंडी हिमाचल प्रदेश व नरेश निवासी पांची जाटान सोनीपत को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस टीम ने गहनता से जांच करते हुए मजबूत साक्ष्य आरोपियों व मौके से जुटाए थे। इन सबको न्यायालय में पेश किया। जिला न्यायवादी राजेश चौधरी की अगुवाई में उप जिला न्यायवादी संजीव कुमार ने न्यायालय में मजबूत पैरवी की यहा बचाव पक्ष के अधिवक्ता की दलीलों को अपने दावों के साथ खारिज करवाने में कामयाब रहे और न्यायालय में नशा तस्करों और इस मामले जुड़े अन्य आरोपियों की संलिप्ता को न्यायालय के सामने पेश किया। न्यायालय ने इस मामले में पुलिस की जांच और उप जिला न्यायवादी की दलीलों को आधार मानते हुए सातों आरोपियों को दोषी करार देते हुए 30 अक्तूबर को 10-10 साल की सजा सुनाई और 7.50 लाख रूपए का जुर्माना लगाया था।

 

नशा मुक्त पानीपत बनाने को पुलिस का अभियान तेज

पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर के मार्गदर्शन में हरियाणा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पानीपत को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जिला पुलिस द्वारा विशेष काम किया जा रहा है। इसको लेकर थाना व चौकी क्षेत्रों के संदिग्ध स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चल रहे है। पुलिस की विशेष टीमें पानीपत व यहा से होकर नशा सप्लाई करने वाले तस्करों पर कड़ी नजर रखे हुए है। पुलिस टीमें आरोपियों को पकड़कर तस्करी की चैन का खुलासा कर रही है। जिला में इस वर्ष जनवरी माह से अब तक नशा तस्करी के 101 मुकदमें दर्ज किये गए है। इन मामलों में 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को काबू करने के साथ ही पुलिस न्यायालय में जिला न्यायवादी के सहयोग से मजबूत पैरवी कर रही है। इस अवधी के दौरान न्यायालय में विचाराधीन 37 मामलों में मजबूत पैरवी करते हुए 48 आरोपियों को सजा दिलवाई है। न्यायालय द्वारा आरोपियों पर लाखों रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

 

नशे के खिलाफ मुहिम में विशेष कार्य किए जा रहे है

जिला पुलिस नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम में विभिन्न संगठनों का सहयोग लेकर कार्य कर रही है। जो लोग नशे की गर्त में है उनको चिन्हित कर इससे बाहर निकालने के लिए सिविल सर्जन के सहयोग से डी एडिक्शन के कार्यक्रम आयोजित करवाए जा रहे है। नशा तस्करों पर लगाम लगाने के लिए जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है। गिरफ्तार नशा तस्करों की नशे की काली कमाई से अर्जित की गई प्रापर्टी को जिला पुलिस द्वारा चिन्हित किया जा रहा है। सपंति को अटेच करने की प्रक्रिया भी पुलिस द्वारा अमल में लाई जा रही है।

 

नशा तस्करी में सजा के 37 में से कुछ बड़े मामले

1. 4 मार्च 2022 को चौटाला रोड मोड़ पर बाइक सवार नशा तस्कर आरोपी कृष्ण पुत्र राजसिंह व सोनू पुत्र उमेद सिंह निवासी पांची जिला सोनीपत को 7 किलो 50 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया था। निशानदेही पर सप्लायर सप्लायर मुकेश निवासी काथी, मोहर सिंह निवासी कास्ता कुल्लू व राजेंद्र निवासी चिंडे मंडी हिमाचल प्रदेश व तस्करी में शामिल सोनीपत जिला के बड़ी गांव के मनोज पुत्र सतबीर व नरेश निवासी पांची जाटान को गिरफ्तार किया था। मामले में सातों आरोपियों को न्यायालय द्वारा 30 अक्तूबर 2023 को 10-10 साल की सजा सुनाई और 7.50 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया।

2. 28 अक्तूबर 2020 को राक्सेडा से बुढनपुर रोड पर नशा तस्कर रहीश निवासी कुताना बड़ौत यूपी व सुमित निवासी राक्सेडा को 18 किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया था। मामले में दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय द्वारा 27 अक्तूबर 2023 को 10-10 साल की सजा सुनाई। दोनों पर 1 लाख रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

3. 29 सितम्बर 2019 को तामशाबाद यमुना बांध मोड़ पर नशा तस्कर हिरालाल निवासी हनुमान चौक को 10 किलो गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया था। मामले में आरोपी को माननीय न्यायालय द्वारा 6 मई 2023 को 6 साल की सजा सुनाई। आरोपी पर 25 हजार रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

4. 4 सितम्बर 2017 को राक्सेडा में नशा तस्कर सुमित उर्फ सन्नी निवासी राक्सेडा को 68 किलो 800 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार किया था। मामले में आरोपी को न्यायालय द्वारा 12 जनवरी 2023 को 15 साल की सजा सुनाई। आरोपी पर 1.50 लाख रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

5. 23 दिसम्बर 2015 को गांव बसेडा में नशा तस्कर जुनस मसीह को 22 क्विंटल चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया था। मामले में आरोपी को न्यायालय द्वारा 10 जनवरी 2023 को 15 साल की सजा सुनाई। आरोपी पर 1.50 लाख रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

6. 24 सितम्बर 2017 को बबैल रोड पर भारत गैस गौदाम के पास नशा तस्कर मोहमद मुख्तयार निवासी काबुली बाग को 10 किलो 520 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया था। मामले में आरोपी को माननीय न्यायालय द्वारा 3 मार्च 2023 को 5 साल की सजा सुनाई। आरोपी पर 10 हजार रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है।

7. 1 नवम्बर 2020 को समालखा में पसीना मोड पर नशा तस्कर प्रवीन निवासी पसीना खुर्द को 21 किलो गांजा सहित गिरफ्तार किया था। निशानदेही पर नशा सप्लायर बाकिया को भी गिरफ्तार किया गया था। मामले में दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय द्वारा 12 मई को 2023 को 10-10 साल की सजा सुनाई। आरोपियों पर एक एक लाख रूपए का जुर्माना भी लगाया है।

 

यह भी पढ़ें : Aaj Ka Rashifal 9 November 2023 : कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन रहेगा प्रेम और परिवार के मामले में सकारात्मक

यह भी पढ़ें : Trident Diwali Fair : ट्राइडेंट दिवाली मेले में दर्शकों का मनोरंजन करने पहुंचे विश्वप्रसिद्ध गायक गुरदास मान।

SHARE