आने वाले दिनों में तेजी से बढ़ेगी ठंड, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदला मौसम का मिजाज
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : उत्तर भारत में मौसम तेजी से रुख बदल रहा है। दरअसल यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते दिखाई दे रहा है। इस विक्षोभ के प्रभाव के चलते पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड का असर तेजी से बढ़ गया है। उत्तर भारत के लगभग सभी राज्यों में शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल रहा है। वहीं मैदानी राज्यों में अब कोहरे ने भी अपनी मौजूदगी दर्शा दी। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में शून्य से नीचे तापमान से जनजीवन चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में जमा पानी
हिमाचल प्रदेश इस समय शुष्क और अत्यंत ठंडे मौसम से गुजर रहा है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र शिमला ने 5 से 7 दिसंबर के बीच चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई है। वहीं कश्मीर घाटी भीषण ठंड की चपेट में है। कई स्थानों पर पारा लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर में तापमान माइनस 4.0 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में माइनस 4.8 है। लेह में तापमान माइनस 9.0, कारगिल में 7.8, और नुब्रा घाटी में माइनस 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।
आने वाले दिनों में परिवर्तनशील रहेगा मौसम
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार दिसंबर की शुरूआत के साथ ही उत्तर भारत के मौसम में तेज बदलाव दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बर्फबारी की संभावना बढ़ी है, वहीं मैदानी राज्यों में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रवाती प्रसार अगले दिनों में मौसम को और अधिक परिवर्तित कर सकते हैं।
मैदानी राज्यों में बढ़ेगा शीतलहर का प्रकोप
पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और झारखंड में अगले दिनों शीतलहर जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्सों में अगले 24 घंटे न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले 4 दिन में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर में अगले 2 दिन में तापमान गिरने के आसार है। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री नीचे बना हुआ है। राजधानी के कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। पंजाब और हरियाणा में भी शुष्क हवाओं तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड में और इजाफा हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मैदानी राज्यों में अगले दिनों में ठंड और अधिक तेज हो सकती है।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : दुनिया की स्किल कैपिटल बनकर उभरा भारत : मोदी


