Himachal News: शिमला में बस की खिड़की से सिर निकालना पड़ा भारी, पोल से टकराकर वॉलीबॉल खिलाड़ी की दर्दनाक मौत

0
80

Himachal News: हिमाचल से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। शिमला के कुपवी क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में स्कूली छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हमीरपुर जिला निवासी हुकम सिंह के पुत्र आयुष कौंडल के रूप में हुई है। यह हादसा कुपवी से लगभग तीन से चार किलोमीटर दूर हुआ।

वॉलीबॉल खिलाड़ी था आयुष

आयुष वॉलीबॉल का खिलाड़ी था और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी का छात्र था। वह कुपवी में आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने गया था। जानकारी के मुताबिक, प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला समाप्त होने के बाद आयुष करीब 40 अन्य खिलाड़ियों के साथ निजी बस में सवार होकर हमीरपुर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

खंभे से टकरा गया सिर

जानकारी के मुताबिक, सफर के दौरान आयुष ने बस की खिड़की से सिर बाहर निकाला, जिससे उसका सिर सड़क किनारे लगे टेलीफोन के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वह बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद आयुष को सिविल अस्पताल कुपवी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों को सौंपा गया शव

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने केस दर्ज करके शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस दुखद घटना से स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और उनके साथ आए लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की जांच कर रही पुलिस

एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा के अनुसार, मृतक के टीम इंचार्ज को 25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]