Kannauj Police Video: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना सामने आई है। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के नुनारी गांव में एक महिला पर पुलिस सिपाही का कॉलर पकड़कर उसके साथ अभद्रता और धक्कामुक्की करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पुलिस एक जमीन विवाद के मामले में कार्रवाई करने गांव पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि महिला और उसके साथ मौजूद लोग युवक को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने लगे। इसी दौरान महिला ने सिपाही के साथ हाथापाई शुरू कर दी। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
जमीन विवाद को लेकर हुआ झगड़ा
नुनारी गांव निवासी मिथलेश का अपने चाचा भूरा सिंह के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 27 अक्टूबर को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई की थी। बाद में दोनों पक्षों को जमानत मिल गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुलिस टीम दोबारा मामले की जांच के लिए नुनारी गांव पहुंची थी। इसी दौरान कांस्टेबल मोहित की एक युवक से कहासुनी हो गई। पुलिसकर्मी ने युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि तभी वहां मौजूद एक महिला और उसके साथी ने पुलिस की कार्रवाई में दखल देना शुरू कर दिया। महिला ने सिपाही का कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ धक्कामुक्की करने लगी। इस दौरान मौके पर काफी हंगामा हुआ।
कन्नौज – महिला ने पुलिस सिपाही का कॉलर पकड़ कर पीटा
जमीन विवाद के मामले में पुलिस तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के नुनारी गांव पहुंची थी
महिला ने सिपाही का कॉलर पकड़कर अभद्रता की। महिला और उसके साथी आरोपी को छुड़ाना चाह रहे थे https://t.co/ToHI3oBs0c
— Dinesh shukla (Journalist) 🇮🇳 (@Dinehshukla) October 30, 2026
पुलिस की पकड़ से भागा युवक
महिला और उसका साथी पुलिस की पकड़ में आए युवक को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की हुई और युवक मौका पाकर वहां से फरार हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले ही दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप
इस मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। मिथलेश ने पुलिसकर्मी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि बाइक छोड़ने के बदले उससे 2,800 रुपये लिए गए और जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगे गए। उसने आरोप लगाया कि रुपये देने से इनकार करने पर पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता और मारपीट की। मिथलेश ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला ने पुलिस पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि गांव में जमीन विवाद की सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। उन्होंने महिलाओं के साथ मारपीट के आरोपों को गलत बताया।


