UP TMC Flag Mattress News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 459 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन तभी नवविवाहित कपल्स को सरकार की तरफ से कुछ गिफ्ट दिए गए। इनमें बेड के गद्दे भी थे, लेकिन जैसे ही लोगों की नजर इन गद्दों की प्रिंट पर पड़ी, वैसे ही वहां बवाल हो गया। दरअसल इन गद्दों पर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के झंडे जैसी प्रिंटिंग दिखाई दी, जिससे मामला गरमा गया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल हो गईं और जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने गद्दों की आपूर्ति करने वाले सप्लायर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
459 कपल्स का हुआ था विवाह
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 459 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था। इनमें 457 हिंदू और 2 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। विवाह के बाद सभी नवविवाहित दंपतियों को सरकार की ओर से उपहार सामग्री दी गई, जिसमें ये गद्दे भी शामिल थे। कुछ लोगों ने दावा किया कि उपहार में दिए गए गद्दों पर बनी प्रिंटिंग तृणमूल कांग्रेस (TMC) के झंडे से मिलती-जुलती है। तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही उपहार सामग्री की खरीद प्रक्रिया, गुणवत्ता और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
अभी नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
प्रशासन की ओर से अभी तक यह पुष्टि नहीं की गई है कि गद्दों पर बनी प्रिंटिंग वास्तव में किसी राजनीतिक दल के झंडे से मेल खाती है या फिर यह किसी कंपनी का सामान्य डिजाइन है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले पर जिलाधिकारी उन्नाव और मुख्य विकास अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मीडिया से इस बारे में कोई बात नहीं की। फिलहाल सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई तय करेगा। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चाओं का विषय बना हुआ है।


