Mathura Viral Video: उत्तर प्रदेश के मथुरा से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पैसों के विवाद में दो युवकों पर एक मां और उसकी बेटी को कार के बोनट पर करीब दो किलोमीटर तक ले जाने का आरोप है। दोनों महिलाएं आरोपियों की कार रोकने के लिए उसके सामने खड़ी हुई थीं, लेकिन आरोप है कि युवकों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। टक्कर लगने के बाद मां-बेटी कार के बोनट पर गिर गईं, इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुराने मुकदमे के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रेम और पुनीत नाम के दो युवक अपने एक अन्य साथी के साथ पवन के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पुराने मुकदमे में दोनों पक्षों की ओर से संयुक्त रूप से खर्च की गई रकम को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रकम का तकादा करने के लिए आरोपी पवन के घर पहुंचे थे। आरोप है कि रुपये नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने घर में मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तीनों युवक अपनी कार में बैठकर वहां से निकलने लगे।
मथुरा
दो पक्षों द्वारा साथ में एक मुकदमा लड़ा जा रहा था, जिसमें एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घर जाकर मुकदमे में खर्च हुए पैसों को लेकर तगादा करते हुए विवाद किया जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट हुई विपक्षी जब वहां से भागने लगा दूसरे पक्ष की दो महिलाएं कार के बोनट पर आ गईं जिन्हें चोटें आई…
— Ajay Kumar Dwivedi… (@AjayDwi65357304) November 4, 2026
मां-बेटी को बोनट पर लेकर भागे आरोपी
पुलिस के मुताबिक कार के सामने शीला देवी और उनकी बेटी को खड़ा देखकर भी आरोपियों ने वाहन नहीं रोका। कार की टक्कर लगने से दोनों महिलाएं बोनट पर जा गिरीं। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और करीब दो किलोमीटर तक उन्हें लेकर चलता रहा। आरोपी मां-बेटी को मांट रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद घायल महिलाओं ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें कार के बोनट पर दोनों महिलाओं को ले जाते हुए देखा जा सकता है।
अदालत में विचाराधीन है पुराना मुकदमा
इस पूरे विवाद की जड़ पुराने मुकदमे में खर्च हुई रकम का लेन-देन बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच एक मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। इसी मामले में संयुक्त रूप से खर्च हुई रकम को लेकर आरोपियों और पीड़ित परिवार के बीच विवाद चल रहा था। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपी रुपये मांगने के दौरान शराब के नशे में थे और उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता और मारपीट भी की थी।
वायरल वीडियो के बाद हत्या के प्रयास
मामले में पुलिस ने शुरुआत में पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर गाली-गलौज और मारपीट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने और जांच में अन्य तथ्य मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। सीओ सदर वरुण मिश्रा के मुताबिक, वीडियो फुटेज और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेम और पुनीत को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


