Greater Noida Industrial Fire: ग्रेटर नोएडा स्थित इकोटेक थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण कंपनी ILGIM में भीषण आग लग गई। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम बचाव अभियान में जुटी हुई थी, तभी कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में 2 दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आग बुझाने के दौरान गिरी दीवार
अधिकारियों के अनुसार आग मंगलवार तड़के करीब 3 बजे इकोटेक थाना क्षेत्र स्थित ILGIM कंपनी में लगी। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मी जब आग बुझाने में जुटे थे, तभी कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया। इसकी चपेट में फायर सर्विस के 5 कर्मचारी आ गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।
3 दमकलकर्मियों का इलाज जारी
हादसे में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और फोरेंसिक जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि कंपनी में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।


