UP News: प्रतापगढ़ में CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने पर सपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़े, 205 के खिलाफ FIR

0
73
Pratapgarh News, UP News Today, Gyanesh Kumar, SP Workers Protest, Election Commission News, Pratapgarh Police FIR, प्रतापगढ़ समाचार, सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार, यूपी की बड़ी खबर
सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस से भिड़ गए।

UP Protest News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी (SP) का विरोध प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब आंबेडकर चौराहे पर पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। बुधवार को हुए इस प्रदर्शन में पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। घटना के दौरान कुछ सपा कार्यकर्ताओं के घायल होने और तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर है। देर रात नगर कोतवाली पुलिस ने पांच नामजद लोगों और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुतला छीनने को लेकर बढ़ा विवाद

सपा कार्यकर्ता बुधवार दोपहर करीब एक बजे आंबेडकर चौराहे पर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। पार्टी कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला जलाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने पुतला छीनकर प्रदर्शन रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की और झड़प शुरू हो गई। पुतले को लेकर हुई खींचतान में एक दरोगा की वर्दी भी फट गई। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने दोबारा पुतला जलाने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया।

पूर्व विधायक समेत कई कार्यकर्ता घायल

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी और साजिद अली समेत करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं के मामूली रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ अध्यक्ष राम खेलावन यादव, राजगढ़ बूथ अध्यक्ष चंद्रशेखर पाल और वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद यादव को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई से नाराज पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर धरना शुरू कर दिया।

सपा सांसद और विधायकों ने संभाला मोर्चा

तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल, रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल और अन्य पार्टी नेताओं ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को छोड़ने की मांग की। करीब पांच घंटे बाद तीनों कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। स्थिति को देखते हुए नगर कोतवाली और अंतू समेत आसपास के थानों की पुलिस सतर्क रही। पुलिस ने प्रदर्शन की वीडियोग्राफी भी कराई, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

पांच नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ FIR

घटना के संबंध में सिविल लाइंस चौकी प्रभारी अंकित तिवारी की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने देर रात FIR दर्ज की। FIR में राम खेलावन यादव, चंद्रशेखर पाल, जावेद अख्तर, चंद्रशेखर और संदीप यादव को नामजद किया गया है। इनके अलावा लगभग 200 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने निषेधाज्ञा के उल्लंघन, शांति व्यवस्था प्रभावित करने और बलवा सहित संबंधित आरोपों में कार्रवाई की है। प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

  • TAGS
  • [post_tags]