Noida Bus Fire Latest News: ग्रेटर नोएडा में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-150 के पास दिल्ली से बिहार जा रही एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। चालक और बस स्टाफ की मदद से सभी 32 यात्रियों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली से बिहार जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार एक निजी स्लीपर बस दिल्ली के लाल किले से बिहार के समस्तीपुर की ओर जा रही थी। बस में चालक और परिचालक के अलावा 32 यात्री सवार थे। कई यात्री दिल्ली के सदर बाजार से सामान खरीदकर बिहार लौट रहे थे। बस में यात्रियों का काफी सामान भी रखा हुआ था। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलने के दौरान बस से अचानक धुआं उठने लगा। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में पूरी बस लपटों से घिर गई। यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। ड्राइवर ने समय रहते बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद चालक, परिचालक और यात्रियों ने तेजी से बस से बाहर निकलने की कोशिश की। सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए। आग इतनी तेज थी कि थोड़ी देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि पुलिस और परिवहन विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। आग के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। परिवहन विभाग ने बस की जांच के लिए समिति गठित किए जाने की जानकारी दी है। समिति की रिपोर्ट के बाद आग लगने के कारण की स्थिति और स्पष्ट होगी। इसलिए फिलहाल शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है।
बस पर 50 से ज्यादा ट्रैफिक चालान
इस हादसे के बाद बस के पुराने रिकॉर्ड को लेकर भी बड़ा सवाल सामने आया है। परिवहन विभाग के मुताबिक इस बस के खिलाफ पिछले दो वर्षों में 50 से अधिक चालान किए जा चुके हैं और इनकी कुल राशि 1.65 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है। परिवहन विभाग के अनुसार बस के खिलाफ परमिट की शर्तों के उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, व्यावसायिक सामान ले जाने, सीट बेल्ट से जुड़े नियमों और प्रेशर हॉर्न सहित कई तरह के उल्लंघनों में कार्रवाई हुई थी। अधिकारियों के अनुसार बस के दस्तावेजों की भी जांच की गई है और दस्तावेज पूरे पाए गए।
यात्रियों को दूसरे वाहनों से भेजा गया
हादसे के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद यह सुनिश्चित किया गया कि बस के अंदर कोई यात्री फंसा न हो। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद उनके आगे के सफर के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। बस में आग लगने के कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। घटना को देखने और राहत-बचाव अभियान के कारण सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। दमकल की कार्रवाई पूरी होने के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
कुछ दिन पहले 9 लोगों की हुई थी मौत
ग्रेटर नोएडा में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ ही दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हुई थी। 23 सितंबर को दिल्ली से महोबा जा रही निजी एसी स्लीपर बस में आग लगी थी। इस घटना के बाद बसों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठे थे। हालिया घटना में किसी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन लगातार स्लीपर बसों में आग लगने की घटनाओं ने लंबी दूरी की बस सेवाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


