UP Latest News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। सोमवार को गोंडा के तेजपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने घोषणा की कि सेना में चार साल की सेवा पूरी करके लौटने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि उन्हें बिना लिखित परीक्षा के सीधी भर्ती का लाभ देने की भी घोषणा की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दिवाली से पहले पात्र गरीब परिवारों को एक भरा हुआ LPG सिलेंडर मुफ्त देने का ऐलान किया।
अग्निवीरों को 20% आरक्षण, बिना परीक्षा नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेना में अग्निवीर योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद वापस आने वाले युवाओं को प्रदेश की सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए विभिन्न सरकारी विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों को लिखित परीक्षा के बिना सीधी भर्ती का अवसर भी मिलेगा। इस व्यवस्था का लाभ पुलिस, PAC, होमगार्ड, वन विभाग और कारागार विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों में दिया जाएगा। इस फैसले को सेना से सेवा पूरी करके लौटने वाले युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
दिवाली से पहले गरीब परिवारों को मुफ्त सिलेंडर
त्योहारों के मौके पर गरीब परिवारों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिवाली से पहले पात्र गरीब परिवारों को एक रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। यानी लाभार्थियों को इस बार त्योहार से पहले मुफ्त LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जरूरतमंद परिवारों को राशन और रसोई गैस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर भी कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की कार्ययोजना तैयार की है। उनके मुताबिक अब तक 12 से 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इसी सप्ताह 4,500 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दिवाली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा शिक्षकों और अधीनस्थ सेवाओं के 25 से 30 हजार पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही।


