
SP-Congress Alliance Row: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने सहारनपुर की 2 विधानसभा सीटों समेत कैराना, अमरोहा और ललितपुर की कुल 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। पहली सूची में चार पुराने चेहरों पर दोबारा भरोसा जताया गया है, जबकि ललितपुर से ज्योति लोधी को प्रत्याशी बनाया गया है। सहारनपुर देहात सीट से आशु मलिक को दोबारा टिकट दिए जाने के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच तनातनी बढ़ सकती है।
5 विधानसभा सीटों पर सपा ने घोषित किए प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में सहारनपुर जिले की बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से आशु मलिक को दोबारा प्रत्याशी घोषित किया गया है। शामली जिले की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन और अमरोहा विधानसभा सीट से महबूब अली को पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। इसके अलावा बुंदेलखंड की ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को प्रत्याशी बनाया गया है।
महिला और ओबीसी समीकरण साधने की कोशिश
सपा की पहली सूची में सबसे ज्यादा चर्चा ललितपुर विधानसभा सीट को लेकर हो रही है। पार्टी ने यहां पिछली बार के प्रत्याशी रमेश कुशवाहा की जगह ज्योति लोधी को चुनाव मैदान में उतारा है। ज्योति लोधी को टिकट देकर समाजवादी पार्टी ने महिला प्रतिनिधित्व के साथ-साथ ओबीसी वर्ग के लोधी समाज को साधने की कोशिश की है। इस फैसले को ललितपुर में नए सामाजिक समीकरण तैयार करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। ललितपुर विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा के रामरतन कुशवाहा विधायक हैं। ऐसे में ज्योति लोधी के सामने भाजपा के मौजूदा राजनीतिक आधार को चुनौती देने की जिम्मेदारी होगी।
सहारनपुर में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका
सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से आशु मलिक को दोबारा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद लंबे समय से इस सीट पर आशु मलिक का टिकट कटवाकर कांग्रेस का उम्मीदवार उतारने के पक्ष में थे। ऐसे में सपा की ओर से आशु मलिक को दोबारा मैदान में उतारने के फैसले को कांग्रेस की दावेदारी के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम ने INDIA गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर संभावित खींचतान की अटकलों को हवा दे दी है।
INDIA गठबंधन में बढ़ सकती है तकरार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की राजनीति को लेकर हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। सहारनपुर देहात सीट पर आशु मलिक की उम्मीदवारी ने दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर संभावित टकराव की चर्चाओं को और हवा दी है। समाजवादी पार्टी अपने संगठन, कोर वोट बैंक और प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्थिति को देखते हुए सीटों के बंटवारे में किसी तरह का अनावश्यक समझौता नहीं करना चाहती।
सपा का 300 से ज्यादा सीटों पर तैयारी का दावा
सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर काफी पहले से रणनीतिक तैयारी में जुटे हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि पार्टी ने प्रदेश की 300 से अधिक विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर लिया है और कई सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय किए जा चुके हैं। अगर गठबंधन में कांग्रेस किसी सीट पर अधिक दबाव बनाती है या किसी सीट को लेकर विवाद की स्थिति पैदा होती है, तो समाजवादी पार्टी वहां अपने उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है।

