जालंधर में बाइक पर पेड़ गिरने से पिता-पुत्री की मौत
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पिछले कुछ दिन से चल रही भीषण गर्मी का दौर पंजाब के कुछ जिलों में आज उस समय थम गया जब सुबह अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। पंजाब में आज जालंधर, पठानकोट और लुधियाना में बारिश हुई।
इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा के अनुसार आने वाले दिनों में भी पंजाब में बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं दूसरी तरफ जालंधर छावनी के गांव तोड़े सपराए में बाइक पर जा रहे पिता-बेटी पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया। इससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कश्मीर उर्फ बिल्ला (40) और उसकी बेटी सोनाली (12) के रूप में हुई है।
गर्मी के चलते शीर्ष पर पहुंची बिजली की मांग
बीते कल पंजाब में इस साल की सबसे ज्यादा बिजली खपत दर्ज की गई। बिजली की मांग बढ़कर 16,604 मेगावाट पहुंच गई। बीती कल जालंधर, अमृतसर और संगरूर में बिजली के कट लगे। जिससे आम लोगों को गर्मी से बेहाल होता हुआ देखा गया। राज्य में 24 घंटे में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान मोहाली में 30.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरदासपुर में 25 डिग्री रहा। च्अमृतसर और पठानकोट में रात के तापमान में गिरावट रही।
इस तरह रहेगा आने वाले दिनों का मौसम
अगले 3 दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग एक जैसा बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से पंजाब और चंडीगढ़ में 29 और 30 जून को किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में 1 और 2 जुलाई को यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली कड़कने0 और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।


