Punjab CM News : कंडी क्षेत्र के विकास के लिए हम प्रतिबद्ध : मान

0
243
Punjab CM News : कंडी क्षेत्र के विकास के लिए हम प्रतिबद्ध : मान
Punjab CM News : कंडी क्षेत्र के विकास के लिए हम प्रतिबद्ध : मान

सीएम ने 150 करोड़ के विकास कार्यों का किया उद्घाटन, होशियारपुर के कंडी क्षेत्र में 70 साल बाद बनेंगी शानदार सड़कें

Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़/ टांडा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से दोहराया है कि प्रदेश का एक समान विकास करवाने के लिए आम आदमी पार्टी की मौजूदा सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सीएम ने होशियारपुर में आते कंडी एरिया टांडा उड़मुड़ में 150 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए यह बात कही। उन्होंने लगभग 70 वर्षों से सुविधाओं से वंचित गांवों के लिए आधुनिक सड़क बुनियादी ढांचे, उच्च स्तरीय पुल और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के व्यापक नेटवर्क की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पिछली सरकारों के राजनीतिक भेदभाव को दूर करके निर्णायक बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार लंबे समय से उपेक्षित इस क्षेत्र को बेहतर बुनियादी ढांचा और सम्मान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिअद ने प्रदेश के लोगों का भरोसा तोड़ा

मुख्यमंत्री ने अकाली दल को जनता का भरोसा तोड़ने और श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अनादर करने के लिए भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आज की इस पहल को विकास में वृद्धि और प्रदेश की राजनीति के लिए नैतिक मूल्यांकन के रूप में चित्रित किया। कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने एक्स हैंडल पर लिखा कि आज मैंने होशियारपुर जिले के टांडा में 150 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन संबंधी आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया।

हमारी सरकार प्रदेश के बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सुविधाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।मुख्यमंत्री ने आगे लिखा क्षेत्र की लिंक सड़कों के नवीनीकरण के लिए 141.88 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लोगों को समर्पित की गई हैं। इसके साथ ही गुरुद्वारा रामपुर खेड़ा साहिब जाने वाली संगत की सुविधा के लिए 2.39 करोड़ रुपये की लागत से एक ‘उच्च स्तरीय पुल’ बनाया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए 3.30 करोड़ रुपये की लागत से 6 गांवों में ‘हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ स्थापित किए जा रहे हैं और 1.35 करोड़ रुपये की लागत से गढ़दीवाला में एक ‘शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र’ स्थापित किया जा रहा है।

प्रदेश भर में 990 आम आदमी क्लीनिक खोले गए

मुख्यमंत्री ने कहा, पंजाब सरकार द्वारा अब तक प्रदेश भर में 990 आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 576 क्लीनिक और शहरी क्षेत्रों में 414 क्लीनिक शामिल हैं।” उन्होंने कहा, इन नए क्लीनिकों में 107 दवाइयां मुफ्त दी जा रही हैं और 47 प्रकार के डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “प्रदेश के हर नागरिक को स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घरों के नजदीक उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही और 400 क्लीनिक खोले जाएंगे।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : कल पंजाब भर में किसान रोकेंगे रेल मार्ग

  • TAGS
  • [post_tags]