अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका
Punjab News Update (आज समाज), अमृतसर : अदालत द्वारा दिल्ली शराब मामले में लगे सभी आरोपों को खारिज करने और अपनी ईमानदारी की छवि बनाए रखने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी के साथ सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर अरदास की और वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी समेत अन्य सम्मानित व्यक्तियों ने भी दरबार साहिब में माथा टेका।
मीडिया से बातचीत के दौरान ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “यह वाहेगुरु की कृपा और आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था। मैं पहले भी कई बार दरबार साहिब आया हूं और वाहेगुरु का आशीर्वाद लिया है। अब जब हमारा सम्मान बहाल हो गया है और हम सभी आरोपों से मुक्त हो गए हैं, आज मैं, मेरी पत्नी, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी हमारे परिवारों समेत वाहेगुरु के सामने नतमस्तक होने और शुक्रिया अदा करने आए हैं। वाहेगुरु हमारा मार्गदर्शन करते रहें और हम पर अपनी असीसें बरसाते रहें। वाहेगुरु ने हमें लोगों की सेवा करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है और हम उसी भावना से लोगों की सेवा करते रहेंगे।”
आप लीडरशिप पर लगाए गए झूठे आरोप
इस अवसर पर ‘आप’ सुप्रीमो ने कहा कि ‘आप’ की लीडरशिप पर झूठे आरोप लगाकर और राजनीतिक कीचड़ उछालने की सोची-समझी मुहिम चलाई गई थी, जिसके तहत पार्टी के पांच प्रमुख नेताओं को फर्जी आरोपों के तहत कैद किया गया था। उन्होंने कहा कि एक वर्तमान मुख्यमंत्री को भी आधी रात में उनकी रिहायश से घसीटकर जेल में डाल दिया गया था, लेकिन अदालत ने मुकदमा चलाने के लिए जरूरी सबूतों की कमी के कारण सभी आरोपों को रद्द कर दिया और उन्हें पूरी राहत प्रदान की।
पंजाब में आप ने किए जमीनी स्तर पर बदलाव
‘आप’ सुप्रीमो ने कहा, “पिछले चार सालों से हमारी सरकार द्वारा पंजाब में महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। सरकार ने स्कूलों, अस्पतालों, स्वास्थ्य देखभाल के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए हैं और अब महिलाओं की भलाई के लिए कदम उठाए गए हैं। जब हमें लोगों का आशीर्वाद मिलता है तो ही हमारे जैसे आम लोग सब कुछ हासिल करने के योग्य होते हैं। वरना, ऐसे ताकतवर लोगों के सामने हमारे जैसे आम लोगों का कोई स्टैंड नहीं होता। हम मजबूती से खड़े होने के योग्य हैं क्योंकि वाहेगुरु की असीसें हमारे साथ हैं और हम सच्चे रास्ते पर चल रहे हैं।”
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : एलपीजी गैस संकट पर पंजाब सरकार अलर्ट : मान


