जांच से पता चला कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी तस्करों और सरहद पार से खेप भेजने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे
Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल के दो सदस्यों को 5 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव न देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के खट्टराये खुर्द निवासी मनिंदर सिंह और अमृतसर के फिरवाड़िया निवासी गुरजंट सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने नशीले पदार्थ के अलावा आरोपियों की हैचबैक हुंडई आई-20 कार (नंबर पीबी10 जीएच 0140) भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल वे खेप लाने-ले जाने के लिए करते थे।
शुरुआती जांच में यह आया सामने
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों और सीमा पार से सप्लाई करने वाले एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे। उन्होंने आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक विदेशी व्यक्ति पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में है और वह अपने पंजाब आधारित सहयोगियों—मनिंदर सिंह और गुरजंट सिंह—की मदद से राज्य में नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों को अपने हैंडलर से नशीले पदार्थों की खेप मिली थी, जिसे वे किसी अन्य पार्टी तक पहुंचाने के लिए अपनी आई-20 कार में जिला अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के गांव धारीवाल जा रहे थे। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके में नाके लगाए और दोनों संदिग्धों को रोककर उनके कब्जे से 5 किलो हेरोइन बरामद की। मामले में आगे की जांच जारी है।
पंजाब पुलिस का विशेष अभियान भी जारी
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपना अभियान युद्ध नशे विरुद्ध को 387वें दिन भी जारी रखते हुए आज 102 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 6.2 किलोग्राम हेरोइन, 10 किलोग्राम भुक्की, 2160 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 17,113 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही मात्र 387 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 55,152 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 23 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।


