Amritsar Crime News : अमृतसर में करोड़ों की हेरोइन सहित तीन गिरफ्तार

0
224
Amritsar Crime News : अमृतसर में करोड़ों की हेरोइन सहित तीन गिरफ्तार
Amritsar Crime News : अमृतसर में करोड़ों की हेरोइन सहित तीन गिरफ्तार

पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पकड़े नशा तस्कर, आरोपियों से 13 किलो हेरोइन बरामद

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर तीन नशा तस्करों को 13 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकाशदीप सिंह निवासी खेमकरण (तरन तारन), जो वर्तमान में खेराबाद, अमृतसर में रह रहा था, मंगल सिंह और बलजीत सिंह, दोनों निवासी गांव भोडीवाला, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने मादक पदार्थ की बरामदगी के अलावा आरोपियों द्वारा नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वर्ना कार भी जब्त कर ली है।

पूरे प्रदेश में सप्लाई करते थे हेरोइन

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप प्राप्त कर उसे पूरे पंजाब में अलग-अलग पार्टियों तक पहुंचाते थे। पहले आॅपरेशन का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि संदिग्ध अकाशदीप के पास हेरोइन की बड़ी खेप पहुंची है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खेराबाद, अमृतसर स्थित उसके घर पर छापा मारकर उसके कब्जे से 8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली थी कि दो नशा तस्कर अपनी वर्ना कार में हेरोइन की खेप की सप्लाई करने जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर सीआई अमृतसर की टीम ने अमृतसर-झबाल जीटी रोड पर नाकाबंदी कर वर्ना कार को रोक लिया, जिसमें मंगल सिंह और बलजीत सिंह सवार थे। वाहन की तलाशी के दौरान कार से 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही पुलिस

डीजीपी ने कहा कि दोनों मामलों में अन्य आरोपियों की पहचान करने तथा पूरी सप्लाई चेन का पर्दाफाश करने के लिए आगे और पीछे के सभी संबंधों की गहन जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab Weather : पंजाब में 12 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी