पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेका, सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़/फतेहगढ़ साहिब : छोटे साहिबजादों की अमर शहादत की स्मृति में फतेहगढ़ साहिब में चल रही वार्षिक तीन दिवसीय शहीदी सभा के मद्देनजर, पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेका। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक समागम के सुचारु, शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई बहु-स्तरीय सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना का व्यक्तिगत रूप से जायजा लिया।
इस दौरान डीजीपी ने कहा कि छोटे साहिबजादों की शहादत अद्वितीय है। इस मौके पर डीजीपी पंजाब ने रोपड़ रेंज के डीआईजी श्री नानक सिंह और एसएसपी श्री फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल के साथ सुरक्षा एवं प्रबंधन से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया तथा मैदानी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूरे क्षेत्र को छह जोन में किया विभाजित
मीडिया से बातचीत करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूरे क्षेत्र को योजनाबद्ध ढंग से छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पूरे समागम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह एसपी रैंक के अधिकारियों और 24 डीएसपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में 3,400 से अधिक पुलिस कर्मी 24 घंटे तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य संगतों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना है। पंजाब पुलिस इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और सेवा भाव से निभा रही है।ह्व उन्होंने आगे कहा कि सभी पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के साथ-साथ शिष्टाचारपूर्ण और जन-हितैषी व्यवहार अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
गुरुद्वारा साहिब के आसपास बनाया नो व्हीकल जोन
डीजीपी ने बताया कि संगतों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं। गुरुद्वारा साहिब के 200 मीटर के दायरे को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है तथा 22 निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इन पार्किंग स्थलों से गुरुद्वारा साहिब तक संगतों की आवाजाही के लिए ई-रिक्शा, आॅटो और शटल बस सेवाओं की व्यवस्था की गई है। यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा गूगल के सहयोग से पार्किंग स्थलों की रियल-टाइम जियो-टैगिंग की गई है तथा रणनीतिक स्थानों पर दिशा-निर्देशक साइन बोर्ड लगाए गए हैं।
छह ड्रोन और 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए
सुरक्षा निगरानी को सुदृढ़ करने हेतु छह ड्रोन और लगभग 300 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं, जिनके माध्यम से भीड़ की आवाजाही, ट्रैफिक प्रवाह और पार्किंग क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही समाज-विरोधी तत्वों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।


