जिस प्रकार पोरस ने सिकंदर को रोका था, उसी प्रकार पंजाब भी भाजपा की नफरत और दमनकारी राजनीति को करारा जवाब देगा
Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राजनीतिक लाभ के लिए वह पंजाब में नफरत फैलाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही मान ने कहा कि पंजाब में कभी नफरत का बीज नहीं पनप सकता। मान ने कहा कि जिस प्रकार पोरस ने सिकंदर को रोका था, उसी प्रकार पंजाब भी भाजपा की नफरत और दमनकारी राजनीति को करारा जवाब देगा।
सीएम ने संपन्न की शुक्राना यात्रा
मान ने चार दिवसीय शुक्राना यात्रा के दौरान प्यार, स्नेह और अपनत्व दिखाने के लिए पंजाब के लोगों का दिल से धन्यवाद किया। 6 मई को खालसे की जन्मभूमि से शुरू हुई शुक्राना यात्रा पवित्र नगर श्री फतेहगढ़ साहिब में संपन्न हुई। गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद विशाल समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पंजाबियों को जुल्म-जबरदस्ती के खिलाफ लड़ने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि यात्रा श्री आनंदपुर साहिब में तख्त श्री केसगढ़ साहिब से शुरू हुई थी। दूसरे दिन यात्रा के दौरान श्री दरबार साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब में माथा टेका, उसके बाद तीसरे दिन तख्त श्री दमदमा साहिब और गुरुद्वारा मस्तूआणा साहिब में माथा टेका। उन्होंने आगे कहा कि आज गुरुद्वारा श्री दु:ख निवारण साहिब और श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद यात्रा अब समाप्त हो गई है।
बेअदबी कानून बनने से लोगों में खुशी
उन्होंने कहा पंजाबी अपनी सरकार द्वारा ह्यजागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सतिकार (संशोधन) एक्ट 2026 लागू करने से बहुत खुश हैं, जिसमें बेअदबी के खिलाफ सख्त सजा का प्रावधान है। गांव-गांव जाकर कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस घिनौने अपराध में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति से अब सख्ती से निपटा जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों का बेअदबी को रोकने के लिए कानून बनाने का न तो इरादा था और न ही इच्छाशक्ति, जिसके कारण उनके शासनकाल के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी बार-बार होती रही। उन्होंने कहा कि अब पंजाब सरकार द्वारा पारित यह ऐतिहासिक एक्ट इस अक्षम्य अपराध को खत्म कर देगा क्योंकि कोई भी दोबारा ऐसे कृत्यों की हिम्मत नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : पीएम हैदराबाद को देंगे 9400 करोड़ रुपए की सौगात


