वित्त मंत्री ने बताया, वित्तीय वर्ष 2025-26 दौरान जीएसटी से सरकार ने जुटाए 7,401 करोड़ रुपए
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जीएसटी राजस्व संबंधी आंकड़े जनता के सामने पेश किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीते वित्तीय वर्ष के दौरान प्रदेश सरकार ने एक बड़ी वित्तीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 तक प्रदेश ने जीएसटी प्राप्ति में 16.03% की वृद्धि दर्ज करते हुए 17,860.09 करोड़ रुपए प्राप्त किए, जबकि आबकारी राजस्व 7,401 करोड़ रुपए रहा।
वित्त मंत्री ने इस सफलता का श्रेय विभाग की नवीनता एवं सतर्कता को देते हुए बताया कि आबकारी एवं कर विभाग ने न केवल पुराने रिकार्ड तोड़े हैं, बल्कि एकमुश्त निपटारा स्कीम-2025 एवं आधुनिक डाटा एनालिटिक्स के माध्यम से टैक्स चोरी को रोकने में भी बड़ी सफलता हासिल की है।
जीएसटी वृद्धि के पीछे यह रहा मुख्य कारण
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विभिन्न क्षेत्रों की कार्यप्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बताया कि जीएसटी प्राप्ति में पिछले साल की तुलना में 2,467.30 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में हुई बदलावों (जिनमें आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स 12% से घटाकर 5% किया गया था) के बावजूद, विभाग की नीतियों के कारण टैक्स प्राप्ति स्थिर रही। इसके साथ ही वैट एवं सीएसटी प्राप्ति 5,451.76 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल से 3.35% अधिक है।आबकारी विभाग के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘आबकारी नीति 2025-26’ के तहत 11,020 करोड़ रुपये का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पिछले साल के आंकड़े भी बताए
इस दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में आबकारी राजस्व में रिकार्ड 16.36% की वृद्धि के साथ जहां राजस्व प्राप्ति 10,723 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी, वहीं इस साल नवंबर तक विभाग ने पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 8.64% की वृद्धि दर्ज की है। वित्त मंत्री ने बताया कि शराब की तस्करी एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत इस साल 3,860 एफआईआर दर्ज की गईं तथा 3,795 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
वित्त मंत्री ने आगे बताया कि एकमुश्त निपटारा स्कीम-2025 कर विभाग की एक बड़ी उपलब्धि रही है, जिसके तहत 18 दिसंबर 2025 तक 3,574 मामलों का निपटारा करके 52 करोड़ रुपये की वसूली की गई है तथा व्यापारियों को टैक्स में बड़ी राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि टैक्स इंटेलिजेंस यूनिट की मदद से 344.06 करोड़ रुपये का टैक्स एवं जुमार्ना वसूला गया है। इसके अलावा, जीएसटीआर-3बी रिटर्न न भरने वालों पर निगरानी रखकर 2,185.96 करोड़ रुपये जमा करवाए गए हैं।
ये भी पढ़ें : Chandigarh Crime News : एक ही दिन में पुलिस के हत्थे चढ़े 97 नशा तस्कर


