प्रदेश भर में 765 स्थानों पर की छापेमारी, हथियारों सहित 157 काबू
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब से अपराधों को पूरी तरह से खत्म करने के लिए इन दिनों पंजाब पुलिस ने एक विशेष अभियान गैंगस्टरों पर वार के नाम से शुरू किया हुआ है। इस अभियान के 10वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों से संबंधित चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर 765 छापेमारियां कीं। जानकारी के अनुसार गैंगस्टरों पर वार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से छेड़ी गई एक निर्णायक जंग—20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। इसके तहत सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से पूरे राज्य में विशेष कार्रवाइयां कर रही हैं।
576 संदिग्ध लोगों की जांच की
इस मुहिम के 10वें दिन पुलिस टीमों ने 576 व्यक्तियों की जांच की, जिनमें से 157 को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से तीन हथियार बरामद किए गए। 160 व्यक्तियों के विरुद्ध निवारक कार्रवाई की गई, जबकि 259 व्यक्तियों का सत्यापन कर पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों तथा अपराध व आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी देने के लिए आम लोग गोपनीय रूप से एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस को सूचना देने पर मिलेगा इनाम
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा दी गई गैंगस्टरों से संबंधित सूचना के आधार पर कोई गिरफ्तारी होती है, तो उस व्यक्ति को 10 लाख रुपये तक की इनामी राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम युद्ध नशों विरुद्ध को 334वें दिन भी जारी रखते हुए 104 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 43.6 किलोग्राम हेरोइन, 7 किलोग्राम अफीम, 13 किलोग्राम गांजा, 369 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 8,570 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही, केवल 334 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 46,970 हो गई है।
ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : पाकिस्तान से आई करीब 215 करोड़ की हेरोइन जब्त


