पकड़े गए आरोपियों से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ किए जब्त, नशा तस्करों के खिलाफ पंजाब पुलिस का अभियान जारी
Chandigarh Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश को नशा मुक्त करने के लिए चलाए गए अभियान के तहत प्रदेश पुलिस ने छापेमारी करते हुए 83 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 330 ग्राम हेरोइन, 25 किलोग्राम भुक्की, 514 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 5800 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 376 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 53,270 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 23 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया।
गैंगस्टरों ते वार अभियान भी जारी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश के तहत शुरू किए गए निर्णायक मुहिम गैंगस्टरों ते वार के 51वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 505 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि गैंगस्टरों ते वार पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा एक निर्णायक जंग है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने की थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
219 संदिग्धों को किया गिरफ्तार
51वें दिन पुलिस टीमों ने 219 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 7 हथियार बरामद किए। इसके साथ ही अभियान की शुरूआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14,099 हो गई है। इसके अतिरिक्त 80 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है, जबकि 115 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 3 फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से जानकारी दे सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं भी साझा कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : एलपीजी गैस संकट पर पंजाब सरकार अलर्ट : मान

