पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी हुआ घायल, पिस्तौल बरामद
Punjab Crime News (आज समाज), अमृतसर/जालंधर : अमृतसर देहाती पुलिस ने अमृतसर के खासा क्षेत्र में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद लकी ओबेरॉय हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से बेरेटा .30 बोर पिस्तौल बरामद की है। यह जानकारी डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीआईजी) बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने दी। गिरफ्तार आरोपी, जिसकी पहचान जालंधर के मिठापुर निवासी शमिंदर सिंह के रूप में हुई है, अपराध को अंजाम देने के समय एक्टिवा स्कूटर चला रहा था।
उल्लेखनीय है कि शमिंदर सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। जानकारी के अनुसार सतविंदरपाल सिंह उर्फ लकी ओबेरॉय को शुक्रवार सुबह जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा की पार्किंग में एक सफेद एक्टिवा पर सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी, जब वह माथा टेकने के बाद वापस जा रहे थे। डीआईजी संदीप गोयल ने कहा कि घटना के तुरंत बाद अपराध में शामिल आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए गए थे।
इस तरह मिली पुलिस को कामयाबी
डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि शमिंदर सिंह ने हत्या के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए अमृतसर के खासा क्षेत्र में शरण ली हुई है। उन्होंने कहा कि इस जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाके लगाए और जांच तेज कर दी।
अधिक विवरण साझा करते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट आॅफ पुलिस (एसएसपी) अमृतसर देहाती सुहेल कासिम मीर ने कहा कि इस आॅपरेशन के दौरान जब पुलिस ने आरोपी को मोटरसाइकिल पर आते देखा तो पुलिस पार्टी ने उसे तुरंत रुकने का इशारा किया, जिसके चलते आरोपी घबरा गया और अपनी मोटरसाइकिल पीछे मोड़ने की कोशिश की, जिसमें वह नियंत्रण खो बैठा और गिर पड़ा।
उन्होंने कहा कि इसके बाद भागने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस पार्टी पर खुलेआम गोलियां चला दीं, जिसके चलते स्व-रक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी गोलीबारी की गई, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।


