Punjab Weather Update : पंजाब में सामान्य से कम बारिश से लोग परेशान

0
133
Punjab Weather Update : पंजाब में सामान्य से कम बारिश से लोग परेशान
Punjab Weather Update : पंजाब में सामान्य से कम बारिश से लोग परेशान

गर्मी से जूझ रहे प्रदेशवासी, जल्द मिल सकती है राहत

Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : इस साल मानसून के सही तरह से आगे न बढ़ पाने के चलते उत्तरी भारत के राज्य अभी तक बारिश का इंतजार कर रहे हैं। यही कारण है कि इन राज्यों में जहां गर्मी एक बार फिर से बढ़ने लगी है वहीं धान की रोपाई भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार पंजाब में 1 से 20 जून 2026 तक सामान्य से 23% कम बारिश दर्ज की गई है।

इस अवधि में राज्य में 21.8 मिमी वर्षा हुई। जबकि, सामान्य बारिश 28.2 मिमी होनी चाहिए थी। जिलों में सबसे अधिक बारिश तरनतारन में सामान्य से 65% ज्यादा दर्ज की गई। जबकि, एसबीएस नगर (नवांशहर) में 54%, लुधियाना में 50% और अमृतसर में 39% अधिक वर्षा हुई। दूसरी ओर बरनाला में सबसे ज्यादा 84% बारिश की कमी रही। इसके अलावा होशियारपुर में 68%, संगरूर में 62% और रूपनगर में 61% कम बारिश रिकॉर्ड की गई।

बढ़ने लगा प्रदेश का तापमान

पंजाब में एक बार फिर गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में 39.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, अब अगले दो दिन तापमान स्थिर रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज (21 जून) को फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा और फरीदकोट जिलों के लिए गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जबकि चंडीगढ़ में बादल छाए रहेंगे। 23 जून तक इस तरह का मौसम बना रहेगा। इस समय पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। हालांकि, तापमान 40 डिग्री से नीचे है।

इस तरह रहेगा आने वाले दिनों का तापमान

इस सप्ताह पंजाब में 25 जून तक दिन का अधिकतम तापमान ज्यादातर इलाकों में 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, शिवालिक क्षेत्र और उत्तरी-पूर्वी जिलों जैसे पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रहने की संभावना है।

  • TAGS
  • [post_tags]