Amritsar Crime News : अमृतसर से पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार

0
230
Amritsar Crime News : अमृतसर से पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार
Amritsar Crime News : अमृतसर से पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार

पिछले एक साल से पाकिस्तानी एजेंसी के संपर्क में था आरोपी

Amritsar Crime News (आज समाज), अमृतसर : पंजाब पुलिस की विशेष शाखा स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जोकि पिछले एक साल से सेना व देश से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तानी खूफिया एजेंसी आईएसआई को भेज रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हरपाल सिंह (35) के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हरपाल सिंह पिछले करीब एक वर्ष से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियों को गोपनीय जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और कार्रवाई की गई। नाकेबंदी के दौरान आरोपी को हिरासत में लिया गया।

मोबाइल और सीडी से होंगे कई खुलासे

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और एक सीडी बरामद होने की जानकारी दी गई है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन से कुछ पाकिस्तानी नंबर मिलने का दावा किया गया है, जिससे सीमा पार संपर्क होने की आशंका जताई जा रही है। बरामद सामग्री को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अमृतसर जिले की तहसील अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र का निवासी है। सीमा से सटे इलाके में रहने के कारण उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी।

लुधियाना की युवती ने भेजी हलवारा एयरपोर्ट की जानकारी

एक अन्य मामले में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को लुधियाना के कस्बा सुधार बाजार नई आबादी अकालगढ़ की रानी काकड़े पर वायु सेना केंद्र हलवारा आईएसआई एजेंट को देने का शक है। इसकी गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। रानी और उसके साथी राजस्थान के ट्रैवल एजेंट रवि कुमार के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संबंधों का खुलासा होने पर हड़कंप मच गया है।

रानी और रवि पर मिलकर पंजाब और अन्य राज्य को लोगों को विदेश भेजने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि वायु सेना केंद्र की महत्वपूर्ण जानकारी, फोटो और वीडियो भी रानी काकड़े द्वारा आईएसआई एजेंट मेहमूद भट्टी को उपलब्ध करवाए हो सकते हैं। रानी का लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा रहा ताकि उसे भारत आने की सूरत में गिरफ्तार किया जा सके।

  • TAGS
  • [post_tags]